कानपुर

पुलिस हिरासत में शख्स की मौत पर पत्नी का आरोप, हम बेहोश थे FIR पर अंगूठा लगवा लिया

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 26, 2022, 02:56 PM IST

Man died In Police Custody : कानपुर के बिधनू में पुलिस हिरासत में हुई शख्स की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है।

Image

कानपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत मामले ने पकड़ा तूल
  • परिजनों ने पुलिस पर लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह साफ नहीं


Man died In Police Custody: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिधनू में रविवार रात पुलिस हिरासत में एक अनुसूचित जाति के शख्स की मौत हो गई। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, इस पर बिसरा सुरक्षित रखा गया है। भाइयों में हुए विवाद के बाद पुलिस शख्स को पकड़कर थाने ले गई थी। परिजनों का आरोप है कि शख्स की मौत के बाद पुलिस ने बड़ा खेल किया है। जो तहरीर पुलिस के खिलाफ थी, पुलिस ने उस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस ने खुद को बचाने के लिए तहरीर ही बदलवा दी और हत्या का मुकदमा मृतक के भाई पर ही दर्ज कर दिया। बिधनू के रमईपुर गांव के रहने वाला राजेंद्र कठेरिया (47) मजदूरी करता था। जमीन को लेकर राजेंद्र का भाई बबलू से झगड़ा चल रहा था।

बताया जाता है कि, रविवार रात दोनों नशे में थे। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस पर बबलू ने पुलिस को जानकारी दे दी। परिजनों के मुताबिक पुलिस आई और राजेंद्र को उठा ले गई। राजेंद्र की थाने में पुलिस ने जमकर पिटाई की। पिटाई से राजेंद्र की तबीयत बिगड़ गई, इस पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।

थाने में भी राजेंद्र की पिटाई का आरोप

यहां से राजेंद्र को हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हैलट में डॉक्टरों ने राजेंद्र कठेरिया को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जब घर पहुंची थी तो तब भी राजेंद्र की पिटाई की थी। पिटाई कर पुलिसकर्मी राजेंद्र को गाड़ी में बैठाकर थाने लेकर चली गई थी। थाने में भी राजेंद्र की पिटाई की थी। इस कारण से उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ता देख पुलिस कर्मियों ने उसे कोई दवाई खिलाई। इसे खाने से राजेंद्र की हालत और बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद राजेंद्र की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर राजेंद्र की हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने कहा- पिटाई नहीं की गई

वहीं, राजेंद्र की पत्नी सुनीता का आरोप है कि उनके बेटे ने तहरीर दी थी, लेकिन उस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। बाद में पुलिसवालों ने खुद एक तहरीर लिखी। उस पर उनका अंगूठा लगवाया। सुनीता ने आरोप लगाया कि जिस वक्त वह रोते-रोते बेहोश हो गई थी, उसी दौरान पुलिस ने अंगूठा लगवा लिया। पुलिस अधीक्षक आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि पुलिस पर पिटाई के आरोप निराधार हैं। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राजेंद्र को थाने लेकर आई थी। इस दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर राजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article