Kanpur News: कानपुर के हमीरपुर जिले में जीजा के साथ चचेरी बहन के प्रेम संबंधों लेकर गुस्साए चचेरे भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिल करके दिनदहाड़े घर में घुस के चचेरी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं तनाव को देखते हुए सीएचसी पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में नगर के छोटी जुल्हैटी मोहल्ला निवासी महमूद खां ने कहा कि मंगलवार की शाम वह अपने पुत्र अतर और शकील के साथ अपनी जूते की दुकान पर चला गया था। घर पर बेटी शहनाज खातून और बहू सीमा ही थी। शाम को लगभग साढ़े चार बजे भाई नसीम खां का बेटा रोशन अपने बहनोई तौजीफ और दो अन्य लोगों के साथ घर में घुस गया था।
आरोप है कि बेटी शहनाज खातून को अवैध तमंचे से भाई के बेटे रोशन ने गोली मार दी। वारदात के समय बहू दूसरी मंजिल पर थी। उसी समय मोहल्ले में चादरपोशी जुलूस निकल रहा था। जिसमें डीजे बज रहे थे, शोर में गोली की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। कुछ समय बाद बहू सीमा नीचे आई तो खून से लथपथ शहनाज को देख चीख पुकार मचाई। इसके बाद परिजन शहनाज को सीएचसी लेकर पहुंचे।
जहां पर डॉक्टर ने शहनाज को मृत घोषित कर दिया। कहा कि भाई नसीम खां से काफी समय से उनका विवाद चल रहा है। इसी विवाद में हमारी बेटी की गोली मार कर हत्या की। आठ वर्ष पूर्व बेटी की शादी भोगनी गांव निवासी नूर आलम के साथ हुई थी। बीमारी में पति नूर आलम की मौत हो गई थी, इसके बाद अपने पिता के साथ रहती थी।
ट्रेनी सीओ राजेश कमल ने बताया कि घटना की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं बताए गए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम लगा दी गई है। वहीं एसपी शुभम पटेल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह जानकारी आई है कि रोशन पठान की बहन के पति तौजीब के साथ शाहनाज के कथित प्रेम प्रसंग था। जिसके कारण हत्या को अंजाम दिया गया। इस घटना में पुलिस की टीम जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
