Indian Railway: उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही यात्रियों का सफर और आसान हो जाएगा। सब कुछ ठीक रहा तो कानपुर सेंट्रल से हावड़ा, सियालदह और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस 12-13 की जगह पर 10 घंटे में सफर पूरा कराएगी। भाऊपुर से दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक साल के अंत तक डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा होने के बाद यह संभव हो पाएगा। इस पर मालगाड़ियों का संचालन होगा तो सबसे ज्यादा फायदा राजधानी, दूरंतो जैसी गाड़ियों को मिल जाएगा। यह ट्रेनें बिना फंसे धड़धड़ाते हुए निकलेंगी।
आपको बता दें कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से हावड़ा की दूरी 1014 किलोमीटर है। कालका मेल, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस औसतन 17-18 घंटे में इतनी दूरी को पूरा करती हैं। मालगाड़ियों के लिए खुर्जा से दीनदयाल जंक्शन तक रिजर्व ट्रैक यानी डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा होने के बाद सफर और आसान हो जाएगा। मेल और एक्सप्रेस गाड़ियों के सफर में भी 90 मिनट का समय बचेगा।
