Union Budget 2024-25: आम बजट 2024-25 में केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के लिए बडे़ बजट का प्रावधान किया है। इन राज्यों की रेल परियोजनाओं (Rail Projects) के लिए 42,312 करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है। सरकार का दावा है कि यूपीए सरकार (UPA Government) की अपेक्षाकृत इन राज्यों में पिछले 10 सालों में बजट आवंटन में 25-30 गुना वृद्धि हुई है। अब तीन गुना तेजी से नए रेलवे ट्रैक (Rail Track) बिछाकर यात्रा को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। दावा है कि उत्तराखंड को छोड़कर सभी राज्यों में रेलवे ट्रैक का सौ फीसदी विद्युतीकरण किया जा चुका है। रेल मंत्री के मुताबिक, इस बजट में 18 फीसदी हिस्सा केवल उत्तर प्रदेश के लिए दिया गया है। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि 2024-25 में यूपी को 19,848 करोड़ रुपये दिए गए।
विपक्ष के आरोप निराधार-रेल मंत्री वहीं, विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए रेल मंत्री अश्विनी चौबे (Railway Minister Ashwini Chaube) ने कहा कि आम बजट में गैर बीजेपी राज्यों की उपेक्षा के आरोप बिल्कुल निराधार हैं। इस बजट में पश्चिम बंगाल के लिए 13,971 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यूपीए गवर्नमेंट के दौरान यही बजट 4380 करोड़ रुपये दिया गया था। उधर, उत्तराखंड को विकास की धार देने के लिए 5,131 करोड़ रुपये सिर्फ रेल परियोजनाओं के लिए दिए गए हैं। यहां 11 रेलवे स्टेशन विकसित हो रहे हैं। कुल 25,941 करोड़ रुपये की लागत से तीन परियोजनाएं चल रही हैं।
कवच' के लिए 1,112.57 करोड़ रुपये आवंटित किए
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली ‘कवच’ (Kavach System) की स्थापना के लिए 1,112.57 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कवच कार्यों पर अब तक उपयोग की गई धनराशि 1,216.77 करोड़ रुपये है। वर्ष 2024-25 के दौरान आवंटन 1,112.57 करोड़ रुपये है।
क्या है कवच सिस्टम (What is Kavach System)
वैष्णव के अनुसार, ‘कवच’ स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (एटीपी) प्रणाली है और इसके लिए उच्चतम सुरक्षा प्रमाणन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि कवच लोको पायलट के ब्रेक लगाने में विफल होने की स्थिति में स्वचालित रूप से ब्रेक लगाकर ट्रेन को निर्दिष्ट गति सीमा के भीतर चलाने में सहायता करता है और खराब मौसम के दौरान ट्रेन को सुरक्षित रूप से चलाने में भी मदद करता है।
यहां लगाए गए कवच उपकरण (Kavach Equipment
मंत्री ने कहा कि अब तक ‘कवच’ को दक्षिण मध्य रेलवे में 1,465 किमी मार्ग और 144 इंजनों पर तैनात किया गया है। दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा कॉरिडोर पर ‘कवच’ की स्थापना की प्रगति की जानकारी देते हुए वैष्णव ने कहा कि 4,275 किमी मार्ग पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई गई है और 364 टेलीकॉम टावर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि 285 स्टेशनों, 319 लोको और 1,384 किमी रेल ट्रैक पर कवच उपकरण लगाए गए हैं।
