Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार हादसे को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने लेम्बोर्गिनी कार को भी जब्त कर लिया है। जांच में यह सामने आया है कि हादसे के वक्त शिवम मिश्रा ही कार चला रहा था। वह तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए बराबर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारी का बेटा अस्पताल में भर्ती
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस हादसे को लेकर एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी थी। लेकिन शिकायतकर्ता को यह नहीं पता था कि गाड़ी कौन चला रहा था। लेकिन जांच के बाद अब स्पष्ट हो गया है कि कार का चालक शिवम मिश्रा ही था। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद शिवम के बाउंसरों ने उसे कार से बाहर निकाला। यह भी कहा जा रहा है कि शिवम को कुछ मेडिकल समस्याएं हैं। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती है। लेकिन पुलिस टीम मामले की जांच के लिए शिवम के आवास पर भी पहुंची है।
हादसे में एक शख्स घायल
पुलिस ने यह भी कहा कि इस हादसे में एक शख्स घायल हुआ था। जिसकी पहचान यमुनागंज निवासी तौफीक के तौर पर हुई है। इसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने यह भी स्पष्ट कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। इस मामले में कानून के तहत ही पूरी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कानपुर के पॉश इलाके में लेम्बोर्गिनी ने मारी टक्कर
गौरतलब है कि रविवार को कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। फिर यह कार सड़क किनारे खड़ी बुलेट बाइक से टकरा गई। जिससे बाइक सवार करीब 10 फुट हवा में उछल गया। इसके बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। यह कार तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
