शहर

4 दिन आसमानी तबाही का पूर्वानुमान, 100 किमी. की रफ्तार आएगा तूफान; भारी बारिश-बिजली से रहें सावधान

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) 29 नवंबर 2025 : आईएमडी ने अगले 4 दिन तक दक्षिण भारत में मौसम काफी खराब रहने का अनुमान जताया है। दितवाह चक्रवाती तूफान के टकराने से तमिलनाडु में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आएगा और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसका प्रभाव अन्य दक्षिणी राज्यों पर भी दिखाई देगा। इधर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में शीतलहर, कोहरा और बर्फ जमने का अलर्ट है। वहीं, उत्तर भारत के सभी राज्यों में कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा छाने की संभावना है।

Kal Ka mausam

कल का मौसम

कल का मौसम 29 नवंबर 2025 : देशभर में तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है। खासकर, उत्तर भारत में शीतलहर और बर्फीली हवाओं के चलने से सर्दी का ग्राफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में माइनस तापमान पहुंचने से नदी, नाले, झरने और पाइप लाइनें जमने की संभावना जताई है। अगले सप्ताह से घना कोहरा छाने और बर्फीली हवाएं बहने एवं बर्फबारी होने की संभावना बन रही है। इधर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शीतलहर के संकेत मिल रहे हैं। अगले 2 दिन में कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही हो सकती है और सुबह गलन वाली सर्दी व कोहरा बढ़ने की संभावना है। लेकिन दक्षिण भारत में नए साइक्लोनिक सर्कुलेशन दितवाह के टकराने से अगले 3 दिन हालात बदतर रहने वाले हैं। इस दौरान समुद्री तटों के आसपास 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने से पेड़ उखड़ने और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे सबसे अधिक तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश और पुडुचेरी के अधिकांश भाग प्रभावित रहेंगे।

दिल्ली में कल मौसम का हाल

दिल्ली में ठंड के साथ पॉल्यूशन भी रफ्तार पकड़ता जा रहा है। सीपीसीबी के मुताबिक, शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई 390 के आसपास दर्ज की जा रही है। दिल्ली की 18 जगहों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रिकॉर्ड की गई। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में सुबह लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अब दिन में मध्यम कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। कमोबेश यही मौसम के हाल एनसीआर के अन्य शहरों का है। नोएडा में प्रदूषण की वजह से सांस लेना मुश्किल है। यहां हवा की क्वालिटी 400 को पार कर गई है। सीपीसीबी की मानें तो शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।

दिल्ली में आज मौसम एयर क्वालिटी

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड के पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। आईएमडी के मुताबिक, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है और अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। अनुमान है कि आज भी यही हालात रहेगे। अब जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है दिल्ली की आबोहवा और खराब होती जा रही है। फिलहाल, एक्यूआई 350+ ही दर्ज की जा रही है जो बेहद खराब श्रेणी में है। सीपीसीबी के मुताबिक, आनंद विहार में 380, नरेला में 386, बुराड़ी में 368, विवेक विहार में 395, जहांगीरपुरी में 392, चांदनी चौक में 368, सोनिया विहार में 355 और आरके पुरम में गुरुवार को 354 एक्यूआई रिकॉर्ड की गई। आज हालात और खराब हो सकते हैं।

यूपी में कल सर्दी का मौसम

उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में गलन वाली सर्दी से परेशानी बढ़ती जा रही है। खासकर, सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन वाला जाड़े का एहसास हो रहा है। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिमी हवाओं के बहने के कारण ठंड का सितम शुरू हो गया है। अगले एक-दो दिनों में तापमान तेजी से गिरेगा और कोहरे में इजाफा होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर कानपुर तक न्यूनतम तापमान में काफी कमी आएगी। गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ, इटावा, अलीगढ़, मथुरा और गाजीपुर समेत विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। दिन में धूप भी निकलेगी, लेकिन सर्द हवाओं के कारण थोड़ी सर्दी महसूस होती रहेगी।

बिहार कल मौसम का हाल

बिहार के सीमांचल और मिथिलांचल के विभिन्न जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। अगले दो दिनों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान गिरने का अलर्ट है, करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना, गोपालगंज, समस्तीपुर, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, जहानाबाद और बेगूसरायम में अगले 2 दिन में घना कोहरा नजर आएगा। खासकर, सुबह के वक्त गलन वाली सर्दी महसूस होगी। आईएमडी का अनुमान है कि 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बह सकती हैं।

राजस्थान का मौसम कैसा है

राजस्थान में शीतलहर और कोहरे की रफ्तार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग रविवार तक चक्रवाती परिसंचरण का आंशिक असर से राज्य के कुछ हिस्से में होने की बात कही है। हालांकि, शुक्रवार सुबह से ही बादलों ने हल्की बारिश करनी शुरू कर दी। अगले दो दिन जयपुर, नागौर और टोंक जिले में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलेंगी और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुल मिलाकर 9 शहरों में तेज बौछारे गिरने का पूर्वानुमान है। चूरू में न्यूनतम तापमान 5.5°C और सीकर 4°C तक पहुंच गया है। अन्य शहरों में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

उत्तराखंड-हिमाचल और कश्मीर का मौसम

उत्तराखंड के 4 धामों में तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे चला गया है। गुरुवार को केदारनाथ में पारा -14, बद्रीनाथ में -13, गंगोत्री में -13, और गंगोत्री-यमुनोत्री में -9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आदि कैलाश में पारा -15 डिग्री चला गया। वहां नदी, झील और झरने जम गए हैं। लोग बर्फ पिघलाकर पानी पी रहे हैं। वहीं, देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर और उत्तरकाशी में दिन में धूप निकल रही है। हालांकि, शाम होते ही गलन महसूस हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में शीतलहर जारी है। ताबो में न्यूनतम तापमान -7 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में पारा -5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। यहां भी नदी, नालों और पाइपों में पानी जमने लगा है। राज्य के करीब 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। उधर, कश्मीर में भी बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं। आईएमडी ने बताया कि पुलवामा में तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और पहलगाम टूरिस्ट रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। आने वाले सप्ताह में मैदानी इलाके भी बर्फ की तरह ठंडे नजर आएंगे।

शहर न्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली10°C24°C
मुंबई23°C30°C
भोपाल 12°C25°C
जयपुर13°C25°C
लखनऊ12°C25°C
पटना15°C26°C
कोलकाता17°C28°C
चंडीगढ़11°C23°C
देहरादून9°C20°C
शिमला6°C17°C
कश्मीर3°C12°C

तमिलनाडु की ओर बढ़ रहा तूफान

दक्षिण भारत में तूफानों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेन्यार की सक्रियता अभी खत्म नहीं हुई कि चक्रवाती तूफान 'दित्वाह' के टकराने का अलर्ट जारी किया गया है। ये नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन श्रीलंका के तटीय क्षेत्र और दक्षिण–पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक्टिव है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है, जो 30 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से आज से ही तेज आंधी-तूफान के साथ शुक्रवार और शनिवार को अत्यधिक बारिश होगा। मौसम विभाग की मानें को अत्यधिक बारिश के कारण लैंडस्लाइड और तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ सकते हैं।

चक्रवाती तूफान 'दित्वाह' से केरल में भारी बारिश

चक्रवाती तूफान 'दित्वाह' के असर से 28 और 29 नवंबर को आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 से 2 दिसंबर तक भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके असर से केरल और लक्षद्वीप क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि तेलंगाना में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। तूफान के असर से 60-100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar Author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद ... और देखें

End of Article