शहर

अगले 3 दिन रहेंगे भारी, 7 राज्यों में आंधी-पानी, बिजली, ओलावृष्टि; गर्मी-लू की बड़ी चेतावनी

अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी और लू का ग्राफ बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी का असर दिखाई देगा। हालांकि, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट घोषित है। हाालांकि, अधिकांश राज्यों में हीटवेव की गतिविधियां तेज होंगी।

Image

मौसम आज कल

देशभर में लगातार बढ़ता तापमान सिरदर्द बनता जा रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों में गर्मी और लू ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिन तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के बीच 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। इधर, समूचे उत्तर भारत में सूरज की तपिश बढ़ेगी और दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में लू का अलर्ट घोषित किया गया है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर सकता है। फिलहाल, बारिश को लेकर की गतिविधियां होने के चांस नहीं हैं। इस बीच स्काईमेट ने दक्षिण भारत के तटीय भागों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव रहेगा, जिससे तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना और पश्चिमी घाट के हिस्सों पर आंधी तूफान के साथ मानसूनी बारिश होने की संभावना है। उधर, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में हल्की मौसमी गतिविधियां जारी हैं। हालांकि, अब देश के विभिन्न हिस्सों पर हीटवेव का सिलसिला तेज हो गया है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बुंदेलखंड समेत राज्य के अधिकांश जिलों में लू का अलर्ट घोषित कर दिया गया है। 19 से 22 मई के दौरान प्रदेश के कई हिस्से तेज गर्मी और हीटवेव से झुलसते नजर आएंगे। हालांकि, इसके बाद मौसम में मामूली तब्दीली से बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे मौसम में बदलाव आएगा और बूंदाबांदी से आंशिक तौर पर राहत मिलेगी। फिलहाल, बांदा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस है और लखनऊ में यह 41 डिग्री सेल्सियस है।

बिहार में बारिश होगी क्या

बिहार में मौसम काफी गर्मी प्रतीत हो रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ता जा रहा है। हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से त्वरित राहत मिलेगी। खासकर, उत्तर पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी के मुताबिक, पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, नवादा, जहानाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी और शिवहर में आंधी-पानी और ठनका का अलर्ट है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम तेजी से गर्मी की ओर शिफ्ट हो रहा है। सुबह से तेज धूप की तपिश ने हाल-बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग ने बताया कि शहर के अधिकांश भागों पर भीषण गर्मी और लू का येलो अलर्ट घोषित किया गया है। क्योंकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को क्रॉस कर गया है और न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। फिलहाल, बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है। लेकिन पिछले दिनों हुई आंधी-बारिश की गतिविधियों के कारण पॉल्यूशन के लेवल पर कमी देखी गई है। सीपीसीबी के मुताबिक, हवा की क्वालिटी में सुधार होने से एक्यूआई 200 से नीचे है, जो मध्यम श्रेणी में है। सीपीसीबी के आंकड़े कहते हैं कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को अत्यंत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।

हरियाणा का मौसम कैसा है

हरियाणा और पंजाब में बादलों से आग बरस रही है। आईएमडी के मुताबिक, सुबह होते ही सूरज की तपिश से हाल-बेहाल हो रहा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। खासकर, नारनौल, सिरसा, जींद, फरीदाबाद, गुरुग्राम समेत कई जिलों में तेज गर्मी के साथ लू की गतिविधियां जारी हैं। बुधवार को अधिकतम पारे में और बढ़ोतरी के संकेत हैं।

20 मई (बुधवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली46°C31°C
मुंबई29°C33°C
जयपुर30°C43°C
भोपाल31°C43°C
चंडीगढ़27°C43°C
लखनऊ29°C41°C
पटना29°C37°C
रांची26°C36°C
कोलकाता29°C37°C
चेन्नई30°C37°C
बेंगलुरु23°C31°C
देहरादून25°C37°C
शिमला20°C32°C
कश्मीर9°C21°C

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

राजस्थान के अधिकतर जिलों में सूरज की तपिश और भीषण गर्मी से हाल-बेहाल है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकांश जगहों पर तेज, धूल भरी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने 19 से 22 मई के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी सतही हवाएं यानी लू चलेगी और अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में दिन के साथ रात्रि में लू चलने का अलर्ट है। फिलहाल, पिलानी और चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड में पिछले दिनों वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय रहने से मौसम सुहावना रहा, लेकिन अब सूरज की तल्खियां बढ़ती जा रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य में अब भीषण गर्मी और लू को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। इस सप्ताह देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, उधमसिंह नगर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है। वहीं, पहाड़ी भागों पर 20 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अंधड़ चलने और बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है।

हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम

हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 19 से 24 मई के बीच पर्वतीय हिस्सों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है, जिससे तापमान में मामूली कमी आ सकती है। हालांकि, मैदानी हिस्सों समेत ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन व निचले भागों पर तेज धूप निकलने और चार से पांच डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होगा। कमोबेस ऐसा ही मौसम जम्मू-कश्मीर के हिस्सों पर दिखाई देगा। घाटी पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही तो मैदानी भागों पर तेज गर्मी परेशान करेगी।

केरल, कर्नाटक में आंधी-तूफान का अलर्ट

दक्षिण भारत में एक तरफ तापमान बढ़ रहा है तो तटीय भागों पर मौसम का मिजाज बदला हुआ है। स्काईमेट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से चक्रवाती परिसंचरण के कारण केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के समुद्री हिस्सों पर तेज 60 से 70 किमी. की रफ्तार वाली हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। उधर, पश्चिमी घाट के हिस्सों पर भी मौसम खराब रहने के कारण लोगों को गर्मी से मामूली राहत है। हालांकि, ऊपरी हिस्सों पर तेज गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा इत्यादि के कुछ हिस्सों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रहने के कारण आंशिक तौर पर बारिश होने का पूर्वानुमान है, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में लू का अलर्ट है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article