शहर

Jodhpur: भारतमाला एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, मूंगफली से भरे ट्रक से टकराकर आग का गोला बना ट्रेलर, ड्राइवर की मौत

Jodhpur Accident: जोधपुर में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मुंगफली से भरे ट्रक को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और उसमें आग लग गई। इस घटना में ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई है।

Jodhpur Accident: राजस्थान के जोधपुर के ओसियां क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो हो गया, जिसमें एक ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रतननगर और चंडालिया के बीच रात करीब 10 बजे मूंगफली से भरे ट्रक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इन दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, जिसके बाद दो वाहनों में भीषण आग लग गई। पुलिस ने बताया कि पीछे से टक्कर मारने वाला ट्रेलर पंजाब से मिट्टी भरकर गुजरात के मोरबी स्थित टाइल्स फैक्ट्रियों की ओर जा रहा था।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेजी थी कि पलक झपकते ही ट्रेलर का केबिन आग के गोले में बदल गया और उसमें सवार ड्राइवर को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। ड्राइवर केबिन में लगी आग में जिंदा जल गया। आग इतनी विकराल थी कि उसने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया था। इस बीच दमकल की गाड़ी के पहुंचने में देरी होने पर ग्रामीणों ने साहसिक कदम उठाया और खेतों में लगे ट्यूबवेल से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने आग बुझाने में की सहायाता

आग लगने के करीब एक घंटे बाद 30 किलोमीटर दूर ओसियां से एकमात्र दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन उसमें भी पानी आधा ही था। पर्याप्त पानी न होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। अंततः दमकल भी बेबस होकर वहीं खड़ी रही। इस स्थिति को देखते हुए हुए स्थानीय ग्रामीणों ने अपने खेतों के ट्यूबवेल से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पानी भरकर लाए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बता दें कि मूंगफली में तेल की मात्रा अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया था, जिसके कारण उसे पर काबू पाने में लंबा समय लगा। देर रात करीब 1 बजे तक आग में धधकता वाहन हाईवे पर खड़ा रहा और ग्रामीण उस आग पर काबू पाने का लगातार प्रयास करते रहे।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

इस भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलते ही ओसियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण भारतमाला एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ लगभग 5-5 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया था और सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंस गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू करने के लिए रूट को डायवर्ट किया और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article