शहर

Jharkhand: छोटे भाई की हत्या के बाद न्याय न मिलने से टूटे योगेश, सल्फास खाकर खत्म की जीवन लीला

हजारीबाग के शिवपुरी मुहल्ला में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां योगेश कुमार मंडल ने मानसिक तनाव के चलते अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में न्याय न मिलने से लंबे समय से परेशान थे। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।

Image

भाई की हत्या के मामले में न्याय में देरी के बीच व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली (प्रतीकात्मक फोटो: iStock)

Photo : iStock

Hazaribagh Suicide Case: झारखंड के हजारीबाग के शिवपुरी मुहल्ला के रहने वाले योगेश कुमार मंडल ने सोमवार को मानसिक तनाव के चलते सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि वह अपने छोटे भाई की हत्या के मामले में ढाई साल से न्याय नहीं मिलने से बेहद परेशान थे। उनकी मृत्यु के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित होकर नवाबगंज छठ तालाब मोड़ पर मुख्य सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पाकर लोहसिंघना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया।

मानसिक दबाव में आकर उठाया कदम

पुलिस द्वारा न्यायिक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम हटा दिया। परिजनों ने बताया कि योगेश अपने छोटे भाई मनमन मंडल की हत्या के बाद से ही गहरी मानसिक परेशानी में थे। उनका कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में विलंब, आरोपियों का खुलेआम घूमना और लगातार मिल रही कथित धमकियों ने योगेश को पूरी तरह तोड़ दिया था। इसी मानसिक दबाव में उन्होंने अपने जीवन का अंत करने जैसा गंभीर कदम उठाया।

6 अक्टूबर 2023 को हुई थी मनमन मंडल की हत्या

गौरतलब है कि 6 अक्टूबर 2023 को लोहसिंघना थाना क्षेत्र के शिवपुरी मुहल्ला में मनमन मंडल (28) की दिनदहाड़े निर्दयता से हत्या कर दी गई थी। परिजनों के अनुसार, वह सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घर से बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी स्थित एक सैलून के पास अपराधियों ने पीछे से उन पर लाठी-डंडा और पत्थरों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मनमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

छह से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया था

पुलिस ने इस मामले में करीब छह से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। अदालत में अब तक आठ चश्मदीद गवाहों की गवाही हो चुकी है और मामला फिलहाल विचाराधीन है। इस संबंध में लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि आत्महत्या के मामले में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन इसके लिए सहमत नहीं हुए। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article