जयपुर

दिल्ली-जयपुर मार्ग के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में हो रहा बदलाव, जानें इस रूट पर ऐसा क्या है खास

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 21, 2023, 05:27 PM IST

Vande Bharat Express train : वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की समीक्षा के लिए रेल मंत्री वैष्णव कुछ दिनों पहले जयपुर में थे। बताया जाता है कि एक नई वंदे भारत ट्रेन इस सप्ताह के अंत तक जयपुर पहुंच जाएगी। उत्तर पश्चिमी रेलवे जोन ने इस नई ट्रेन में कैटरिंग की व्यवस्था शुरू करने के लिए आईआरसीटीसी को पहले ही सूचित कर दिया है।

Image

नई दिल्ली-जयपुर मार्ग पर चलने वाली है वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन।

Photo : PTI

Vande Bharat Express train : देश को अगली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जल्द ही दिल्ली-जयपुर मार्ग पर मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को इसके बारे में जानकारी दी। साथ ही रेल मंत्री ने यह भी बताया कि इस मार्ग पर डबल डेकर ट्रेन चलती है। डबल डेकर ट्रेन की वजह से इस मार्ग पर बिजली के तार ऊंचाई पर हैं, इसे ध्यान में रखते हुए वंदे भारत ट्रेन में बदलाव किया जा रहा है। दिल्ली-जयपुर मार्ग पर देश की 11वीं वंदे भारत ट्रेन चलेगी। लोग इस ट्रेन के चलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ट्रेन के ऊपर लगा रहा अलग तरह का पैंटोग्राफ

टीओआई की रिपोर्ट में रेलवे के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि दिल्ली-जयपुर मार्ग में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सही ढंग से चल सके इसके लिए ट्रेन के इंजन एवं बोगियों के ऊपर कुछ अलग तरह का पैंटोग्राफ लगाना होगा। अधिकारी ने कहा, 'वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के हर दूसरी बोगी के ऊपर पैंटोग्राफ लगा है। चूंकि, दिल्ली-जयपुर मार्ग पर बिजली के तारों की ऊंचाई ज्यादा है, इसे देखते हुए आईसीएफ बोगियों पर ऊंचे पैंटोग्राफ लगा रहा है।'

दिल्ली-जयपुर का किराया अभी तय नहीं

वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की समीक्षा के लिए रेल मंत्री वैष्णव कुछ दिनों पहले जयपुर में थे। बताया जाता है कि एक नई वंदे भारत ट्रेन इस सप्ताह के अंत तक जयपुर पहुंच जाएगी। उत्तर पश्चिमी रेलवे जोन ने इस नई ट्रेन में कैटरिंग की व्यवस्था शुरू करने के लिए आईआरसीटीसी को पहले ही सूचित कर दिया है। दिल्ली और जयपुर के बीच चलने वाली इस वंदे भारत ट्रेन का किराया क्या होगा, इस बारे में अभी फैसला नहीं हुआ है। रेलवे के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस मार्ग पर सबसे तेज चलने वाली रेलगाड़ी के मुकाबले वंदे भारत ट्रेन कम समय लेगी। अभी दिल्ली से जयपुर मार्ग पर सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन साढ़े चार घंटे का समय लेती है। समझा जाता है कि इस नई वंदे भारत ट्रेन से 30 मिनट समय की बचत होगी।

राजस्थान के लिए यह पहली वंदे भारत ट्रेन होगी

यह राजस्थान के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन होगी जबकि नई दिल्ली से चलने वाली इस तरह की यह चौथी ट्रेन होगी। अभी दिल्ली से तीन वंदे भारत ट्रेनें अपना सफर शुरू करती हैं। इनमें नई दिल्ली-वाराणसी, नई दिल्ली-कटरा और नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। रेलवे की योजना देश में कुल 75 चेयर कार वंदे भारत ट्रेन चलाने की है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें