Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23-July-2025: राजस्थान में मानसूनी बादल छाए हुए हैं। आईएमडी ने राज्य के विभिन्न इलाकों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि अजमेर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर एवं कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल गरजने के साथ हल्की एवं मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बीच-बीच में बादल और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहेगा, जिससे उमस और गर्मी का भी एहसास होगा।
मौसम विभाग ने बताया कि कोटा एवं भरतपुर संभाग में बुधवार को कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने और 24 से 26 जुलाई तक राज्य में कहीं-कहीं हल्की एवं मध्यम बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और इसके प्रभाव से बृहस्पतिवार को एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
अतिभारी बारिश का अलर्ट
उसने बताया कि इसके कारण पूर्वी राजस्थान में 27 से 30 जुलाई के दौरान भारी बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी होने के आसार हैं और कोटा संभाग में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश तथा भरतपुर, जयपुर एवं उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 13.0 मिलीमीटर बारिश भीम (राजसमंद) में हुई।
