जयपुर

राजस्थान का मौसम 21-July-2025: राजस्थान में थमा बारिश का कहर, हफ्ते भर की राहत, 5 जिलों में आज भी अलर्ट

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-July-2025 जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में पिछले दिनों आ रही लगातार बारिश और बाढ़ जैसे हालात से रविवार से कुछ राहत देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने भारी अलर्ट हटा लिए हैं। आज, सोमवार से बारिश में कमी देखी जाएगी। फिलहाल कुछ दिनों की राहत है इस बीच जलजमाव से अब भी सचेत रहने की जरूरत है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम।

Image

राजस्थान में थमा बारिश का सिलसिला, हफ्ते भर मिली राहत

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-July-2025:राजस्थान में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश का सिलसिला अब धीमा पड़ गया है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में अब भी बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और कोटा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

कमजोर पड़ा मानसूनी सिस्टम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बिहार से शुरू हुआ लो प्रेशर सिस्टम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान में आया था। अब यह सिस्टम कमजोर पड़ चुका है और वर्तमान में यह दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय है। इसके चलते राज्य में बड़े स्तर पर हो रही भारी बारिश की तीव्रता में फिलहाल कमी आई है।

बरसात रुकी, चढ़ा पारा

कोटा, भीलवाड़ा, नागौर, पाली, अजमेर, ब्यावर, टोंक, करौली, धौलपुर, भरतपुर, बूंदी, बारां, सवाई माधोपुर, सीकर, बीकानेर और उदयपुर में रविवार को भारी बारिश से राहत रही। इन जिलों में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की धूप भी देखने को मिली। मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिर भी कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई।

यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में माउंट आबू तहसील में 145 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो कि राज्य में सबसे अधिक रही। इसके अलावा जोधपुर के बालेसर में 61 मिमी, जबकि बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और सिरोही जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इन इलाकों में बारिश की तीव्रता घटने से लोगों को राहत मिली है। वहीं, कई जिलों में 1 से 24 मिमी के बीच बारिश हुई।

एक सप्ताह तक राहत, फिर लौटेगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जैसलमेर और पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश से फिलहाल राहत रहने की उम्मीद है। हालांकि, 27-28 जुलाई से राज्य में फिर से मानसून सक्रिय हो सकता है और एक नया बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article