राजस्थान में पाकिस्तान के चार जासूसों को पकड़ा गया है। बुधवार (29 मार्च, 2023) को यह कार्रवाई सूबे के इंटेलिजेंस पुलिस की ओर से की गई। बाड़मेर में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है, जबकि इन सभी को अलग-अलग लोकेशंस से हिरासत में लिया गया।
सूत्रों ने टाइम्स नाउ नवभारत को नाम न बताने की शर्त पर बताया कि इन संदिग्धों की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से सीधे संबंध सामने आ रहे हैं। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। यह भी बताया गया कि चारों संदिग्धों जयपुर लाकर पूछताछ की जाएगी।
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में स्थानीय सूत्रों के हवाले से जानकारी दी गई कि चारों में से एक जासूस आईएसआई के न्यौते पर कई बार पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान भी गया था और उसने भारत की गोपनीय और सामाजिक सूचना दी थीं। यहां तक कि उसका वहां के दूतावास के अफसरों से भी सीधा नाता होने की बात भी कही गई।
दरअसल, राजस्थान की सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बाड़मेर के जासूस पाकिस्तान को लगातार सूचनाएं पहुंचा रहे हैं। राजस्थान की इंटेलिजेंस पुलिस की तरफ से इस जानकारी के मिलने के बाद जयपुर एसओजी के दस्ते ने पिछले दो दिनों यह धरपकड़ की हैं।
एसओजी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट्स में कहा गया कि दस्ते ने मंगलवार को जिले के शिव इलाके से संदिग्ध रतन खान को धरा है। वह 52 साल का है और पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम कर रहा था। वह सरहद पार लगातार देश की गुप्त जानकारियां पहुंचा रहा था। हैरत की बात है वह 20 से अधिक बार पड़ोसीमुल्क भी जा चुका था।
