जयपुर

Jaipur Serial Bomb Blast Case के सभी आरोपी बरी, चार बरस पहले ट्रायल कोर्ट ने सुनाई थी फांसी की सजा

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 29, 2023, 05:01 PM IST

Jaipur Serial Bomb Blast Case Latest News in Hindi: इस मामले में डेथ रेफरेंस सहित दोषियों की ओर से पेश 28 अपीलों पर मंगलवार को फैसला सुनाया गया और हाई कोर्ट ने दोषियों की अपील को मंजूर किया।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : BCCL

राजस्थान के जयपुर में हुए सीरियल बम ब्लास्ट से जुड़े केस में सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया है। बुधवार (29 मार्च, 2023) को हाईकोर्ट ने इस मामले में निचली अदालत का फैसला पलट दिया। रोचक बात है कि चार बरस पहले ट्रायल कोर्ट ने इन आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी, जबकि बचाव पक्ष की ओर से फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।

जस्टिस पंकज भंडारी और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने केस में डेथ रिफरेंस सहित दोषियों की ओर से पेश 28 अपीलों पर फैसला सुनाया और हाईकोर्ट ने इस दौरान दोषियों की अपील को मंजूर किया। खंडपीठ बोली कि जांच अधिकारी को लीगल (कानूनी मामलों से जुड़ी) जानकारी नहीं है। उन्होंने इसके साथ ही जांच अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है।

डेथ रेफरेंस पर इससे पहले हाईकोर्ट में लगभग 48 दिन तक सुनवाई चली थी, जबकि सभी पक्षों के मौखिक तर्क सुनने के बाद कोर्ट ने आज अपना फैसला सुनाया। हाईकोर्ट ने इस दौरान सलमान का मामला किशोर बोर्ड को भेज दिया और सैफ, सैफूर्रहमान और सरवर आजमी को दोषमुक्त किया।

दरअसल, यह पूरा मामला साल 2008 का है। सूबे की राजधानी जयपुर में तब सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे। तारीख थी- 13 मई, जब शाम को 15 मिनट में एक के बाद एक आठ बम धमाके हुए थे। इन ब्लास्ट्स में कम से कम 71 लोगों की मौत हो गई थी और 185 लोग घायल हुए थे।शहर में पहला ब्लास्ट चांदपोल हनुमान मंदिर के पास हुआ था, जबकि दूसरा धमाका सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर पर हुआ था। फिर बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, छोटी चौपड़ और तीन और जगहों पर धमाके हुए थे। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article