जयपुर

माउंट अन्नपूर्णा से लापता अनुराग मालू रेस्क्यू ऑपरेशन में मिले सुरक्षित, हालत गंभीर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 20, 2023, 04:52 PM IST

मालू नेपाल में माउंट अन्नपूर्णा की चढ़ाई करने के लिए पहुंचे हुए थे। जानकारी आई थी कि वह एक दरार के अंदर गिर गए हैं।

Image

अनुराग मालू रेस्क्यू ऑपरेशन में मिले सुरक्षित

Anurag Maloo: किशनगढ़ निवासी पर्वतारोही अनुराग मालू रेस्क्यू ऑपरेशन में सुरक्षित मिल गए हैं और उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है। सेवन समिट ट्रैक्स के मिंगमा शेरपा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अनुराग का मणिपाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पर्वतारोही अनुराग मालू की नेपाल में माउंट अन्नपूर्णा से लापता होने की सूचना मिली थी। मालू नेपाल में माउंट अन्नपूर्णा की चढ़ाई करने के लिए पहुंचे हुए थे। सोमवार को जानकारी आई थी कि वह एक दरार के अंदर गिर गए हैं। तभी से उन्हें ढूंढ़ने की कोशिशें लगातार जारी थी।

Anurag Maloo

Anurag Maloo

मिली जानकारी के अनुसार रेस्क्यू के बाद अनुराग को काठमांडू स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अनुराग नेपाल के अन्नपूर्णा हिल्स से छह हजार फीट नीचे गिरे थे। तीन दिन से पूरे परिवारजन और शहरवासी भगवान से अनुराग के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे थे। अनुराग की सकुशलता के लिए घर की महिलाएं हनुमान चालीसा का पाठ लगातार कर रही थीं। इस खबर के बाद विधायक सुरेश टाक, सभापति दिनेश सिंह राठौड़, भाजपा नेता शशिकांत पाटोदिया अनुराग मालू के घर पहुंचे।

अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिख लापता युवक की तलाश में तेजी लाने व नेपाल स्थित दूतावास को मदद देने लिए निवेदन किया था। अनुराग के के लापता होने की सूचना के बाद से परिजन बेहद परेशान थे। सांसद भागीरथ चौधरी भी लगातार विदेश मंत्रालय से संपर्क में थे।

कैंप लौटते समय दरार में गिर गए थे

पेशे से उद्यमी अनुराग मालू कैंप IV से लौटते समय कैंप III के नीचे एक दरार में गिर गए थे। पर्वतारोही के अभियान आयोजक के एक अधिकारी ने मीडिया से इसकी पुष्टि की थी। 34 साल के अनुराग मालू राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले हैं।

अन्नपूर्णा दुनिया का दसवां सबसे ऊंचा पर्वत है और पर्वतारोहियों के लिए सबसे खतरनाक पर्वतों में से एक है। अनुराग इसी की चढ़ाई करने गए थे। अनुराग एक बेहतरीन पर्वतारोही हैं। इससे पहले उन्होंने कई पर्वतों की चढ़ाई की है।

अनुराग मालू ने पिछले साल ही माउंट अमा डबलाम पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी और माउंट एवरेस्ट, अन्नपूर्णा और ल्होत्से पर चढ़ने की योजना बना रहे थे। मालू को पहले REX कर्मवीर चक्र से सम्मानित किया गया था और वह भारत से 2041 अंटार्कटिक यूथ एंबेसडर बने थे। उन्होंने पहाड़ों पर चढ़ने के लिए प्रसिद्ध पर्वतारोही बछेंद्री पाल से मार्गदर्शन लिया था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article