Missile Misfire: राजस्थान के पोकरण फायरिंग रेंज में तीन मिसाइल गलती से फायर हो जाने की खबर है। यहां सेना अभ्यास कर रही थी, जिसके दौरान यह घटना घटी है। दो मिसाइल का मलबा मिल गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। इस घटना के फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं।
कहां जाकर गिरी
जैसलमेर के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में शुक्रवार को सेना के अभ्यास के दौरान तीन मिसाइलें मिसफायर हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार मिस फायर होने के बाद मिसाइल अलग-अलग जगहों पर जैसलमेर में ही गिरी हैं। ये मिलाइल जमीन से हवा में मार करने वाली थी। हालांकि कौन सी मिसाइल मिस फायर हुई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
आसमान में विस्फोट
बताया जा रहा है कि तीनों मिसाइलें आसमान में फटीं और फील्ड फायरिंग रेंज के बाहर जाकर गिरी। फील्ड फायरिंग रेंज के बाहर अजासर गांव के पास एक खेत में एक मिसाइल का मलबा मिला। दूसरी मिसाइल का मलबा सत्यया गांव के पास सुनसान इलाके में मिला है। तीसरे की खोज सेना कर रही है।
सभी सुरक्षित
मिसाइल मिसफायर की इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। मलबा खेतों में गिरा है, जिससे किसी को नुकसान नहीं हुआ है। घटना के पीछे के असल कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सैन्य अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और जांच में जुटे हैं। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि एक इकाई के वार्षिक अभ्यास के दौरान गलती से मिसाइल चलने का मामला सामने आया है। प्रवक्ता ने कहा कि मिसाइल सुरक्षित रूप नष्ट हो गई। हालांकि मलबा आसपास के खेतों में गिर गया। उन्होंने कहा- "किसी भी कर्मचारी और संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की जांच की जा रही है।"
