Jaipur: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गहलोत सरकार के कार्यकाल में किए गए बदलावों को पलट दिया है। इस बदलाव के तहत राज्य में अब महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों को वापस हिंदी माध्यम में बदला जाएगा। इसके संबंध में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने निर्देश जारी किए। बताया गया कि इन स्कूलों में जरूरी मापदंड पूरे नहीं किए जा रहे थे, जिस वजह से यह फैसला लिया गया। इससे शिक्षा व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा।
हिंदी मीडियम में कन्वर्ट करने के लिए निर्देश जारी
इससे पहले राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले गए, जिन्हें जल्द ही हिंदी मीडियम में कन्वर्ट किया जाएगा और अब इसको लेकर सरकार ने फरमान जारी कर दिया है। महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूलों को हिंदी मीडियम में बदलने के लिए चार पेज का फॉर्मेट जारी कर निर्देश दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने बदलाव को लेकर मांगी रिपोर्ट
बताया जा रहा है कि इस बदलाव को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है और शिक्षा विभाग ने सभी संभाग और उपखंड स्तर से इन स्कूलों के संचालन के संबंध में रिपोर्ट मांगी है। बताया गया कि इन स्कूलों में अंग्रेजी मीडियम स्कूल के मापदंड पूरे नहीं हो पा रहे थे, जिस वजह से यह फैसला लिया गया है। कहा गया कि हिंदी मीडियम में कन्वर्ट करके शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
डोटासरा ने शुरू की थी योजना
बता दें कि राजस्थान में करीब 2070 महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूल हैं। यह योजना गहलोत सरकार की गिनी चुनी योजनाओं में शामिल थी। गोविंद सिंह डोटासरा के शिक्षा मंत्री रहते हुए इसकी शुरुआत की गई थी। जहां विधानसभा चुनाव में गहलोत सरकार ने इस योजना को काफी भुनाया था। वहीं, भजनलाल सरकार ने इन स्कूलों को हिंदी मीडियम में बदलने की शुरुआत कर दी।
