Jaipur Weather Update: राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में प्रचंड ठंड का दौर लगातार दो दिनों से जारी है। राजस्थान के कई इलाके इस वक्त शिमला से भी सर्द हैं। अब न्यू ईयर का सेलिब्रेशन कड़ाके की ठंड के बीच होगा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, बीते दो दिनों से उत्तरी भारत की ओर से आ रही सर्द हवाओं के चलते जयपुर सहित राजस्थान के कई शहरों में पारे ने नीचे की ओर गोता लगाया है। जिसमें चूरू 0.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक ठंडा शहर रहा है।
इसके अलावा पिलानी 1.9, बीकानेर 3.9, भीलवाड़ा 3.8, श्रीगंगानगर 4.8, करौली 4.2, सीकर 1.5, नागौर 2.8 व चितौड़गढ़ 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्द शहरों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। लगातार बढ़ रही हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड के चलते रेगिस्तान के धोरों को बर्फ की सफेद चादर ने ढक दिया है। खेतों में फसलों व पेड़ पौधों पर बर्फ की परतें जम गई है। घरों में बर्तनों में बाहर रखे पानी पर भी बर्फ की मोटी परत जम गई है। गलन वाली सर्दी के दौर के शुरू होते ही लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। सर्दी से बचाव के लिए लोग जगह- जगह अलाव तापते दिख रहे हैं। शाम होते ही शहर के बाजारों में कर्फ्यू जैसे हालात हो जाते हैं।
ये शहर है कड़ाके की ठंड की जद में
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। सबसे अधिक गिरावट अलवर शहर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। वहीं चितौड़गढ़, बीकानेर, चूरू, अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर व जैसलमेर में भी इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है। इधर, राजस्थान में कई स्थानों पर शीतलहर की स्थिति को देखते हुए भरतपुर में 5 जनवरी तक सभी कक्षाओं के स्कूल बंद रहेंगे। इसे लेकर भरतपुर के जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देष जारी किए हैं कि, शीतकालीन अवकाश में कोई भी स्कूल खुला मिला तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
