Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर की खूबसूरती में चार चांद लगाने की मंशा के चलते शहर के सर्किल और चौराहों पर लगाई गई मूर्तियां अब चोरों के निशाने पर हैं। हाल ही में रामबाग चौराहे पर लगाई गई गणगौर सवारी की मूर्तियों में से अष्टधातु की 6 मूर्तियां चोर चुरा ले गए। इसको लेकर जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसी ने ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। बता दें कि, गत 23 अक्टूबर को चोरी गई इन अष्ट धातु की मूर्तियों की कीमत करीब 6 लाख रुपए है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मूर्तियां की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षाकर्मी विक्रम सिंह और रतन लाल मीणा सो रहे थे। इस बीच भोर में सुबह करीब 5 बजे चोर आए और महज पांच मिनट में 6 मूर्तियां चुराकर ले गए। गौरव सेनानी वेलफेयर को-ऑपरेटिव के सचिव महिपाल सिंह के मुताबिक, मूर्तियां चोर चुराकर ले गए हैं, मामले को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के नींद में होने के कारण बदमाश वारदात को अंजाम देने में सफल हुए।
