जयपुर

राजस्थान में भारी बारिश से तबाही, सात लोगों की मौत, निचले इलाकों से 15,000 लोग शिफ्ट

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 20, 2023, 06:34 AM IST

मुख्यमंत्री मंगलवार और बुधवार को बिपारजॉय चक्रवात से प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।

Image

rajasthan rain

Photo : ANI

Rajasthan Rain: अरब सागर में उठे चक्रवात बिपारजॉय के असर से राजस्थान के कुछ हिस्‍सों में पिछले दो दिनों में अत्यधिक भारी बारिश होने के कारण हुए हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार और बुधवार को होने वाला बूंदी, कोटा, झालावाड़ और दौसा का अपना दौरा रद्द कर दिया है और मुख्यमंत्री मंगलवार और बुधवार को बिपारजॉय चक्रवात से प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।

गहलोत मंगलवार को बाड़मेर, सिरोही व जालोर जिले तथा बुधवार को पाली व जोधपुर जिले का दौरा करेंगे। आपदा प्रबंधन एवं राहत विभाग के सचिव पीसी किशन ने कहा कि पिछले दो दिनों में बारिश जनित हादसों में सात लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि सात में से चार मौतें राजसमंद में हुईं। अधिकारी ने कहा कि जालोर, सिरोही, पाली और बाड़मेर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं और बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।

15,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने पिछले दो दिनों में इन जिलों के विभिन्न स्थानों से 133 लोगों, राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों ने 123 लोगों और सेना के जवानों ने नौ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अधिकारी ने कहा कि करीब 15,000 लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार लगभग 8,700 कच्चे घर और 2,000 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए तथा बिजली के 8,500 खंभे गिर गए।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार से सोमवार सुबह तक सिरोही के शिवगंज में 35 सेमी, टोंक के नगरफोर्ट में 31 सेमी, राजसमंद के देवगढ़ में 27 सेमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 25 सेमी, राजसमंद के आमेट में 24 सेमी, राजसमंद में 22 सेमी और अजमेर में 16 सेमी बारिश दर्ज की गई। अजमेर में सोमवार को सबसे अधिक 100.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम कार्यालय के अनुसार, मंगलवार के लिए किसी भी जिले के वास्ते कोई रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन सवाईमाधोपुर, बारां और कोटा जिलों के अलग-अलग इलाकों में अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं बूंदी, टोंक, झालावाड़ और करोली जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें