Rajasthan DA hike: राजस्थान सरकार ने शनिवार को राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। पेंशनरों और राज्य सरकार के कर्मचारियों को अब 1 जनवरी, 2023 से 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) मिलेगा। पहले उन्हें 38 फीसदी DA दिया जा रहा था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार इस फैसले से करीब 8 लाख राज्य कर्मचारियों और 4.40 लाख पेंशनभोगियों को लाभ होगा।
यह लाभ राज्य कर्मचारियों के अलावा कार्य प्रभारित, पंचायत समिति एवं जिला परिषद कर्मचारियों को भी दिया जाएगा। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना करीब 1,640 करोड़ रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार ने डीए की घोषणा की, लेकिन इसे लंबे समय के बाद लागू किया गया। जबकि राजस्थान सरकार घोषणा के साथ बढ़ी हुई राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करती है।
सीएम गहलोत ने ट्वीट किया कि केंद्रीय कर्मचारियों के अनुरूप राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब राज्य कर्मचारियों व पेंशनर्स को 1 जनवरी 2023 से 38% के स्थान पर 42% महंगाई भत्ता देय होगा। कर्मचारियों को संबल देने के लिए राज्य सरकार सालाना करीब 1640 करोड़ रूपए वहन करेगी।
इस निर्णय से लगभग 8 लाख कर्मचारियों एवं 4.40 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों व पेंशनर्स के अतिरिक्त पंचायत समिति तथा जिला परिषद के कर्मचारियों को भी देय होगा।
