Jodhpur Crime: राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां साजिद नामक एक व्यक्ति ने तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के उजागर होने के बाद आमजन में भारी आक्रोश है। गंभीर हालत के कारण मासूम पीड़िता को स्थानीय अस्पताल से आगे के इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आमजन ने सड़कों पर आक्रोश प्रदर्शन भी किया और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।
आरोपी साजिद पाली से गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी साजिद मौके से फरार हो गया था। ग्रामीण डिप्टी एसपी भोपालसिंह लखावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पाली जिले से गिरफ्तार किया। आरोपी साजिद मूलतः उत्तर प्रदेश के भरतपुर क्षेत्र का रहने वाला है और जेसीबी चालक का काम करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी और पीड़िता के चाचा के बीच दोस्ती वाले संबंध थे, जिसके चलते आरोपी का गांव में आना-जाना था। मौका देख उसने दुष्कर्म की इस वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों ने की आरोपी को फांसी देने की मांग
इस जघन्य घटना के बाद पीड़ित परिवार और वाल्मीकि समाज सहित स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग बिलाड़ा थाने में इकट्ठा हो गए और आरोपी को फांसी की सजजा दिलाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि मासूम के साथ हुई इस दरिंदगी के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
