जयपुर

प्लेन क्रैश में तबाह हुआ डॉक्टर परिवार; राजस्थान से लंदन बसने का था सपना, मगर तकदीर को कुछ और था मंजूर

अहमदाबाद विमान हादसे में जाने कितने परिवार उड़ गए, जाने कितने लोगों पर इसका असर पड़ा। अब हादसे की धुंध मिटने पर दिल दहला देने वाली कहानियां सामने आ रही हैं। राजस्थान के 11 लोग इस हादसे का शिकार हो गए इनमें एक डॉक्टर परिवार भी था। तीन बच्चों और दंपति सभी लंदन बसने के इरादे से जा रहे थे लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।

Image

जहाज में चढ़ने के बाद खींची गई आखिरी सेल्फी

Photo : Twitter

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान के कुल 11 लोगों की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में एक पूरा परिवार खत्म हो गया। डॉक्टर दंपति और तीन मासूम बच्चे, लंदन बसने के इरादे से जा रहे थे लेकिन यह सपना सपना ही रह गया।

पूरे परिवार की मौत

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हादसे का शिकार हुए विमान में राजस्थान के कम से कम 11 लोग सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि इनमें उदयपुर के चार और बांसवाड़ा के पांच लोग शामिल हैं। यह परिवार बांसवाड़ा का ही रहने वाला था। परिवार में डॉ. कौमी व्यास, डॉ. प्रतीक जोशी और उनके तीन बच्चे मिराया जोशी, प्रद्युत जोशी और नकुल जोशी थे। इनमें प्रद्युत और नकुल जुड़वा भाई थे। कौमी व्यास एक निजी अस्पताल में कार्यरत थीं और नौकरी छोड़कर अपने पति के साथ रहने के लिए लंदन जा रही थीं। हृदयविदारक दुर्घटना में पूरा परिवार ही काल के गाल में समा गया।

इनके भी टूटे सपने

इसके अलावा, विमान में सवार राजस्थान के यात्रियों में उदयपुर के संगमरमर कारोबारी संजीव मोदी के बेटे शुभ और बेटी शगुन भी शामिल थे। एमबीए स्नातक दोनों भाई-बहन अपने पिता के व्यवसाय से जुड़े थे और लंदन घूमने जा रहे थे। जिलाधिकारी नमित मेहता ने परिवार से मिलने और जानकारी जुटाने के लिए सहेली नगर स्थित उनके आवास का दौरा किया।

दुर्घटना का शिकार हुए विमान में उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के रूंडेड़ा निवासी वरदीचंद मेनारिया भी सवार थे। वह हाल में लंदन से लौटे थे और अपने सहयोगी प्रकाश मेनारिया के साथ वापस जा रहे थे। दोनों ब्रिटेन में पाककला क्षेत्र में काम करते थे।

विमान में सवार यात्रियों में बाड़मेर जिले के अराबा (बालोतरा) की युवती खुशबू राजपुरोहित भी शामिल थीं। खुशबू की 18 जनवरी को शादी हुई थी। उनके पति विपुल सिंह राजपुरोहित लंदन में चिकित्सक हैं। शादी के बाद वह पहली बार लंदन जा रही थीं।

मुख्यमंत्री ने बंधाया ढांढस

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इन लोगों के परिजनों से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना पर गहरा दुःख जताते हुए इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की। इस विमान हादसे में अब तक कुल 265 लोग जान गवां चुके हैं। जिनमें 241 जहाज में सवार थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article