शहर

Rajasthan News: चौमूं हिंसा के बाद बुलडोजर एक्शन, ढहाए गए अवैध निर्माण; 100 से ज्यादा हिरासत में

राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में हाल ही में हुई हिंसा के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बहाल करने और अतिक्रमण विवाद पर सख्ती दिखाते हुए नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने मस्जिद के पास बने कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Image

अवैध निर्माण पर चलता बुलडोजर (चित्र साभार: PTI)

Photo : PTI

Chomu Bulldozer Action: राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में हालिया हिंसा के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से मस्जिद के पास किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की गई है, जिन पर हाल ही में हुई पत्थरबाजी और हिंसा में शामिल होने के आरोप हैं।

नोटिस के बाद चला बुलडोजर, पुलिस तैनात

जयपुर पश्चिम के एडीसीपी राजेश गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद की ओर से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने पहले 19 से 20 लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। तय समयसीमा पूरी होने के बाद अब अवैध ढांचों को ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि जिन लोगों ने पत्थरबाजी और हिंसा का सहारा लिया था, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नगर परिषद ने की पहचान

चौमूं थाने के एसएचओ प्रदीप शर्मा ने कहा कि नगर परिषद ने जिन स्थानों को अतिक्रमण के तौर पर चिह्नित किया था, वहां कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और जो भी गलत पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। नगर परिषद के स्वास्थ्य निरीक्षक संदीप सिंह कविया ने बताया कि तीन दिन पहले 20 से 22 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए थे। समय सीमा समाप्त होने के बाद अब प्रशासन ने खुद कार्रवाई शुरू कर दी है।

अवैध दुकानों से परेशानी का आरोप

स्थानीय निवासी शाहिद पठान, जो इमाम चौक क्षेत्र से हैं, ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और बिना लाइसेंस चल रही मांस और कसाई की दुकानों से आम लोगों को परेशानी होती है और गंदगी फैलती है। ऐसे में प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई सही दिशा में कदम है।

26 दिसंबर की घटना से जुड़ा है मामला

गौरतलब है कि 26 दिसंबर को चौमूं में मस्जिद के पास अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद हिंसा में बदल गया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जयपुर पश्चिम के डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि हिंसा के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 110 से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद की गईं, ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

स्थिति सामान्य रखने की कोशिश

प्रशासन का कहना है कि इलाके में अब स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article