शहर

जबलपुर में बीच सड़क पर मौत का तांडव, ISBT के सामने बदमाश ने ऑटो चालक का गला रेता, जांच में जुटी पुलिस

Jabalpur News: एमपी के जबलपुर में बेखौफ बदमाशों ने आईएसबीटी के सामने एक ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमें गठित की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Image

जबलपुर में बीच सड़क पर मौत का तांडव

Jabalpur Murder: मध्य प्रदेश के जबलपुर से बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। एक बार फिर सड़क पर कुछ बदमाशों द्वारा एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बता दें कि जिले के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने शाम ढलते ही एक खौफनाक हत्याकांड से पूरा शहर दहल उठा है। बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक ऑटो चालक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जिस समय इस वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय बस स्टैंड के आसपास सैकड़ों लोगों मौजूद थे, लेकिन बिना खौफ के बदमाशों ने युवक को मौत के घाट उतार और मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया है।

युवक के हत्या के पीछे क्या थी वजह?

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान राजीव गांधी नगर (आईटीआई के पास) निवासी पवन अहिरवार के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले रोहित पाल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, लगभग तीन माह पहले पवन और रोहित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में भी पुरानी रंजिश का एंगल ही सबसे प्रमुख नजर आ रहा है। इस मामले को लेकर आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी ने मौका देखकर पवन पर हमला किया और बीच सड़क पर युवक का गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी को दबोचने के लिए 5 टीमों का गठन

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने की दिशा और उसके साथ मौजूद अन्य संभावित संदिग्धों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर आरोपी को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article