Jabalpur Road Accident Murder: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बता दें कि, इलाके में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय कार चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी है। रांझी थाने के प्रभारी उमेश गोल्हानी से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान एकांत साहू (35) के रूप में हुई है, जो फर्नीचर के व्यवसाय से जुड़ा था और अधारताल सब्जी मंडी इलाके का निवासी था।
मोटरसाइकिल सवार ने अपने साथियों को बुलाया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात लगभग साढ़े 11 बजे एकांत साहू अपनी कार में रांझी से गुजरते हुए गोकलपुर दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे। जब वह अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर रहे थे, तभी सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल उनकी कार से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि इस विवाद के दौरान मोटरसाइकिल सवार ने अपने साथियों को बुलाया और थोड़ी ही देर में तीन-चार युवक दो अन्य दोपहिया वाहनों पर मौके पर पहुंच गए।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि, सभी ने मिलकर साहू पर हमला किया और उनके सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। पुलिस का कहना है कि, घाय साहू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐसे में, साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। रांझी थाना प्रभारी ने इस मामले में बताया कि इस मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
