शहर

एमपी के मुरैना में दर्दनाक हादसा; मंदिर के छत की स्लैब गिरने से 3 बच्चियों की मौत, छह अन्य घायल

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक छत की पटिया गिरने से तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय मंदिर परिसर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है।

Tragic Temple Construction Accident in Morena District

मुरैना में पसरा मातम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अहरौली गांव में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। गांव के एक मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान छत की एक पटिया (स्लैब) अचानक टूटकर गिर गई। इस दुर्घटना में तीन मासूम बच्चियों की मौके पर ही जान चली गई और छह अन्य घायल हो गए। मृतक बच्चियां उसी गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि मुंगावली से गौड़ समाज के कुछ लोग मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने पहुंचे थे। पूजा के बाद बच्चियां और महिलाएं मंदिर परिसर के आसपास मौजूद थीं। इसी दौरान ऊपर चल रहे निर्माण कार्य के समय छत की पटिया गिर गई, जिससे नीचे बैठी बच्चियां मलबे में दब गईं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

तीन मासूमों की मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों के नाम वैष्णवी सिकरवार (11 वर्ष), छाया गोस्वामी (7 वर्ष) और करिश्मा गोस्वामी (9 वर्ष) हैं। वहीं इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें गुंजन (12), परी (8), विद्या (6) शामिल हैं। इसके अलावा सतीश गौड़, उनकी पत्नी पृथ्वी गौड़ और उनकी 14 वर्षीय बेटी मानसी भी चोटिल हुई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए कैलारस स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों का इलाज जारी

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में काफी समय से मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके को सुरक्षित किया और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

मृतकों घर में पसरा मातम

इस हादसे के बाद मृतक बच्चियों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखा जा रहा है। लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने निर्माण से जुड़े ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा यह जांच की जा रही है कि क्या निर्माण स्थल पर तय सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article