शहर

अंकित बालियान के परिजनों से मिलीं इकरा हसन, अखिलेश यादव से फोन पर कराई बात; न्याय का दिया भरोसा

Akhilesh Yadav Phone Call Ankit Baliyan Family: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद कैराना सांसद इकरा हसन, उनके भाई विधायक नाहिद हसन और 'आप' सांसद संजय सिंह परिजनों से मिलने पहुंचे। इकरा हसन ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की फोन पर परिजनों से बात कराई।

Image

अंकित बालियान के परिजनों से अखिलेश यादव ने की बात

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान की दर्दनाक हत्या के बाद इलाके में भारी शोक का माहौल है। इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और उनका हाल जानने के लिए राजनीतिक हस्तियों का उनके घर पहुंचना जारी है। इसी सिलसिले में कैराना से सांसद चौधरी इकरा हसन और उनके भाई कैराना विधायक नाहिद हसन मृतक अंकित के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे।

दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर घटना पर गहरा दुख जताया और उनकी पूरी पीड़ा सुनी। मुलाकात के दौरान सांसद इकरा हसन ने एक बड़ी पहल करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोन के जरिए अंकित बालियान के परिजनों से बात कराई।

अखिलेश ने जताई गहरी संवेदना

अखिलेश यादव ने फोन पर परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली और इस असामयिक क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी और नैतिक लड़ाई लड़ेगी और इस कठिन समय में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

AAP सांसद संजय सिंह ने भी पीड़ित परिवार से की मुलाकात

इकरा हसन ने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि इस जघन्य हत्याकांड में दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रशासन और सरकार के सामने हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी अंकित बालियान के निवास स्थान पहुंचे। उन्होंने भी परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घटना की कड़ी निंदा की। स्थानीय नेताओं के इस तरह आगे आने से पीड़ित परिवार को न्याय की आस जगी है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article