शहर

Deven Bharti : देवेन भारती ने संभाला मुंबई पुलिस के स्पेशल कमिश्नर का कामकाज, बिहार से रखते हैं नाता

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jan 5, 2023, 01:02 PM IST

54 साल के भारती 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह बिहार के दरभंगा से आते है। इन्होंने अपनी मैट्रिकुलेशन की पढ़ाई झारखंड से और स्नातक की डिग्री दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से ली। भारती डीसीपी के रूप में मुंबई, जोन 7 (बांद्रा से अंधेरी) और क्राइम ब्रांच के डीसीपी के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं।

Image

मुंबई पुलिस के स्पेशल पुलिस कमिश्नर।

Photo : ANI

Deven Bharti : मुंबई को अपना पहला स्पेशल पुलिस कमिश्नर मिल गया है। देवेन भारती ने मुंबई के स्पेशल पुलिस कमिश्नर का प्रभार गुरुवार को संभाल लिया। महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को भारती को इस पद पर उनकी नियुक्ति की। मुंबई पुलिस के इतिहास में पहली बार इस पद का सृजन किया गया है। मुंबई पुलिस के सभी ज्वाइंट कमिश्नर भारती को रिपोर्ट करेंगे जबकि वह पुलिस कमिश्नर (सीपी) को रिपोर्ट करेंगे।

1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं भारती

54 साल के भारती 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह बिहार के दरभंगा से आते है। इन्होंने अपनी मैट्रिकुलेशन की पढ़ाई झारखंड से और स्नातक की डिग्री दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से ली। भारती डीसीपी के रूप में मुंबई, जोन 7 (बांद्रा से अंधेरी) और क्राइम ब्रांच के डीसीपी के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं। वह क्राइम ब्रांच में एडिशनल पुलिस कमिश्नर भी रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब सत्ता में थी तो उन्हें ज्वाइंट कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) बनाया गया। भारती पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) रह चुके हैं। इन्होंने राज्य के एटीएस की अगुवाई भी की है।

मुंबई में लंबे समय तक दी है सेवा

भारती को 2019 में महा विकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम का संयुक्त प्रबंध निदेशक बना दिया गया, जो अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण पद माना जाता है। अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने 13 दिसंबर 2022 को भारती के स्थान पर संयुक्त आयुक्त (यातायात) राजवर्धन को नियुक्त कर दिया गया और उसके बाद से भारती नई नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। एटीएस के पूर्व प्रमुख विनीत अग्रवाल, ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पूर्व प्रमुख प्रभात कुमार भी प्रतीक्षा सूची में हैं।

देवेन की नियुक्ति पर विपक्ष हमलावर

देवेन की नियुक्ति को लेकर विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने आलोचना की और विरोधी पार्टियों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर समानांतर प्रशासन बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। वहीं आईपीएस अधिकारी विवेक फनसालकर वर्तमान में मुंबई पुलिस आयुक्त हैं। भारती ने अपने पूरे 29 साल की सेवा में मुंबई शहर को अपनी अधिकांश सेवाएं दी हैं। 2003-04 से भारती मुंबई में हैं और उन्हें सभी सरकारों द्वारा शीर्ष पोस्टिंग दी गई है, कहा जाता है कि वे मुंबई के अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को बहुत करीब से जानते हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article