Odisha News: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ओडिशा के गंजाम जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यूक्रेन के ड्रोन हमले में जिले के एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गंजाम जिले के चिकिटी ब्लॉक के माधाबंध गांव निवासी ए. रामैया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामैया लगभग एक महीने पहले रोजगार की तलाश में रूस गए थे। लेकिन दुर्भाग्यवश वह एक संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में कार्य कर रहे थे, जहां यूक्रेन की ओर से हुए ड्रोन हमले की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पूरे गांव में शोक की लहर
इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने बताया कि बेहतर रोजगार और भविष्य की उम्मीद में रामैया विदेश गए थे, लेकिन उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गंजाम के जिला कलेक्टर वी. कीर्ति वासन ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द ओडिशा वापस लाया जा सके।
पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन
जिला कलेक्टर ने यह भी भरोसा दिलाया है कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इधर, रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस घटना पर बयान जारी किया है। दूतावास के अनुसार, मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कामगार की मौत हुई है, जबकि इस हमले में तीन अन्य भारतीय घायल भी हुए हैं।
श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता
दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और कंपनी प्रबंधन तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे विदेशी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता और सवाल खड़े करती है।
