शहर

दिल्ली की लोधी कॉलोनी में नवविवाहिता की मौत के बाद पति गिरफ्तार; मायके वालों का दहेज हत्या का आरोप

दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई, जिसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने दहेज मृत्यु का मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

शादी के ढाई महीने बाद हुई महिला की मौत, अब पति गिरफ्तार

Delhi Newlywed Woman Death: दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि महिला के परिजनों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।

24 अप्रैल को हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, पुष्प विहार निवासी आकृति शनिवार को पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि 28 साल की आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। वह छतरपुर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी।

पति को किया गया गिरफ्तार

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को लोधी कॉलोनी थाने में दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और महिला के पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि चूंकि महिला की मौत शादी के सात साल के भीतर हुई है, इसलिए कानून के तहत जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को भी सूचित कर दिया गया था।

आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

मायके पक्ष ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि कथित तौर पर दहेज के लिए आकृति की हत्या की गई है। आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के बाद से ही आकृति का पति उससे मारपीट करने लगा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। परिवार के अनुसार, यह लव मैरिज थी, जिसे दोनों परिवारों की सहमति प्राप्त थी। उन्होंने कहा कि शादी को महज ढाई महीने हुए थे। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article