शहर

बाराबंकी में बड़ा हादसा, चलती रोडवेज बस पर गिरा विशालकाय पेड़; ड्राइवर समेत 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार को रोडवेज बस में विशालकाय पेड़ गिरने से चालक समेत 5 सवारियों की मौके पर ही मौत हो गई।

Image

बाराबंकी में रोडवेज बस पर गिरा विशालकाय पेड़

बाराबंकी में शुक्रवार को रोडवेज बस में विशालकाय पेड़ गिरने से चालक समेत 5 सवारियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीटीआई के हवाले से सीएम ने ट्विट कर घटना पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है।

मामला हरख चौराहे के राजा बाजार क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब भारी बारिश के बीच एक रोडवेज बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी। बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं, जिससे वह अचानक बस पर गिर पड़ा। पेड़ के गिरने से बस की छत पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कई यात्री उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बस में फंसे घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इस हादसे में चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस बीच, घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर कुछ लोग फंसे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बाराबंकी के ब्लॉक हरख में राजा बाजार के पास तेज बारिश के कारण बस पर पेड़ गिरने से कई यात्रियों की दुखद मृत्यु एवं गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत कार्य जारी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। बता दें कि बाराबंकी में गुरुवार देर रात से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

क्या बोले सीएम योगी

हादसा बाराबंकी के ब्लॉक हरख में राजा बाज़ार के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, तेज़ बारिश के कारण बस पर पेड़ गिर गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की और अधिकारियों को घायलों का शीघ्र उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article