शहर

Howrah Fire: हावड़ा में घर में लगी भीषण आग; परिवार के 4 सदस्यों की मौत

हावड़ में देर रात एक कच्चे मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को घर से बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। फिलहाल आग लगने के कारण अज्ञात हैं, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

Image

हावड़ा में घर में आग लगने से दर्दनाक हादसा (PTI)

Photo : PTI

Howrah News: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि अभी आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घर से बाहर नहीं निकल पाया परिवार

पुलिस ने बताया कि यह घटना जॉयपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुई। मृतकों की पहचान दुर्योधन दोलुई (72), उनके बेटे दूधकुमार दोलुई (45), बहू शिबानी दोलुई (40) और पोती शम्पा दोलुई (15) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि कच्चे घर में आग कैसे लगी।

दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग

अधिकारी ने बताया कि दमकल के दो वाहनों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए उलुबेरिया के एक सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह परिवार बेहद गरीब था। दूधकुमार का एक बेटा भी है, जो राज्य के बाहर प्रवासी मजदूर के रूप में काम करता है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article