Heatwave Red Alert 25 May 2026 : कई राज्यों में रविवार को भीषण गर्मी पड़ी जिनमें से गोदावरी जिले के चित्याला में 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश का सबसे गर्म स्थान रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। हालांकि, मौसम विभाग ने 29 मई से गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, ’’अगले सात दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तथा अगले 3-5 दिनों तक पूर्वी और उससे सटे प्रायद्वीपीय भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गोदावरी जिले के चित्याला में 48.3 सबसे अधिक तापमान
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के चित्याला में रविवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार, पश्चिम गोदावरी जिले के तनुकु और पलनाडु जिले के पिडुगुरल्ला में भी तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने कई जिलों में हालात गंभीर बना दिए हैं। एसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि राज्य के 13 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं 17 जिलों के 174 मंडलों में तापमान 44 डिग्री से अधिक रहा। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा गर्मी एलुरु जिले के 23 मंडलों में दर्ज की गई। इसके अलावा पूर्वी गोदावरी के 21, पश्चिम गोदावरी के 17, कृष्णा के 16, बापटला के 15, एनटीआर जिले के 14, पलनाडु के 13, कोनसीमा के 12 और काकीनाडा के 11 मंडल भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। प्रखर जैन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की भीषण गर्मी जारी रह सकती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच यात्रा करने से बचें। यदि जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े तो अपने साथ पीने का पानी जरूर रखें। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 25 मई को राज्य के 29 मंडलों में गंभीर हीटवेव और 166 मंडलों में सामान्य हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं मंगलवार को 50 मंडलों में गंभीर और 205 मंडलों में सामान्य हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री
दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से 3.4 डिग्री अधिक है। आयानगर और रिज मौसम केंद्रों में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, इसके बाद लोधी रोड स्थित केंद्र पर 43.8 डिग्री, पालम केंद्र पर 43.7 डिग्री और सफदरजंग केंद्र पर 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस
महाराष्ट्र में, विदर्भ क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है, जिससे यह देश का सबसे गर्म स्थान रहा। राज्य के कई अन्य स्थानों पर भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। चंद्रपुर में पारा 45.6 डिग्री, वर्धा में 45.5 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री, अमरावती में 45.2 डिग्री और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
श्री गंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म स्थान
राजस्थान में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, श्री गंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वनस्थली राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस था, इसके बाद चूरू में 44.9 डिग्री, कोटा, फलोदी, बीकानेर में 44.8 डिग्री और जयपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने लू की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यह भी अनुमान है कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 28-29 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, जिसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों में तेज आंधी, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
यूपी में कितना तापमान
उत्तर प्रदेश में, राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है, और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है।
प्रयागराज, उरई और झांसी में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, आगरा में 45.4 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
सिरसा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान बन गया है। रोहतक और भिवानी में भी भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां तापमान क्रमशः 45.3 डिग्री और 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में पारा 42 डिग्री, हिसार में 43.8 डिग्री, करनाल में 42.8 डिग्री और गुरुग्राम में 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
चंडीगढ़ में भी तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आंध्र प्रदेश में मौसम की स्थिति इसके विपरीत है। कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को चेतावनी जारी की कि अगले तीन दिनों तक भीषण लू चलने की आशंका है।
हीटवेव क्या है?
मौसम विभाग ने बताया कि तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला समेत देश के करीब 25 राज्यों में दिन और रात का तापमान तेजी से बढ़ सरहा है। अगले 10 दिन में 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सुहावना है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
रेड अलर्ट (Heatwave Red Alert)
मौसम विभाग रेड अलर्ट तब जारी करता है जब गर्मी बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच जाती है। आमतौर पर जब तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाता है या लगातार कई दिनों तक भीषण लू का सिलसिला जारी रहे, तब मौसम विभाग रेड अलर्ट जारी करता है। इस दौरान हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बहुत बढ़ जाता है।
ऑरेंज अलर्ट (Heatwave Orange Alert)
ऑरेंज अलर्ट के तहत गर्मी खतरनाक स्तर की बढ़ती है। यह अलर्ट तब जारी होता है जब तापमान सामान्य से काफी ज्यादा हो और लू चलने की संभावना बनी रहे। इस स्थिति में लंबे समय तक धूप में रहने से कमजोरी, चक्कर, डिहाइड्रेशन और थकावट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
येलो अलर्ट (Heatwave Yellow Alert)
येलो अलर्ट गर्मी को लेकर शुरुआती चेतावनी होती है। इसका मतलब है कि तापमान बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में लू या गर्म हवाओं का असर दिख सकता है। यह अलर्ट लोगों को पहले से सावधान रहने के लिए जारी किया जाता है ताकि वे अपनी दिनचर्या में जरूरी बदलाव कर सकें।
