Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार सुबह मणिकरण-बरशैनी सड़क पर घाटीगढ़ में बारिश के कारण हुए एक भीषण भूस्खलन से कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने कहा कि खतरे को भांपते हुए वाहन चालक और अन्य यात्री सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में कामयाब रहे। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि स्थानीय लोग दहशत में थे क्योंकि इस मार्ग पर बार-बार भूस्खलन होने से यात्रियों के लिए खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर बृहस्पतिवार को एक 'अर्थ-मूवर' संचालक बाल-बाल बच गया, जब पत्थर सड़क पर मलबा हटाने वाली भारी मशीनरी पर गिरने लगे।
स्थानीय लोगों ने दी प्रशासन को चेतावनी
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इस खतरनाक इलाके में आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने में विफल रहता है तो 30 अप्रैल को सड़क जाम की जाएगी। वे विकल्प के तौर पर शीला रोड के किनारे एक बेली पुल के निर्माण की भी मांग कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भी अधिकारियों के साथ भूस्खलन संभावित क्षेत्र का दौरा किया और किसी के जानमाल के नुकसान न होने पर राहत व्यक्त की। ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में बेली पुल के निर्माण का निर्देश देते हुए ग्राम सभा और वन अधिकार अधिनियम से अनुमोदन में तेजी लाने पर जोर दिया।
हिमाचल में जारी हुआ येलो अलर्ट
इस बीच, शुक्रवार शाम से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य भर में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार के लिए गरज और बिजली गिरने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने रविवार, सोमवार और शुक्रवार को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है और रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के चार जिलों में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
IMD की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, इस सप्ताह भारत के पूर्वी तटीय क्षेत्रों में गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 18 से 20 अप्रैल तक लू चल सकती है। इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान और ओडिशा में 19 से 22 अप्रैल तक, पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 अप्रैल को, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा विदर्भ क्षेत्र में 18 और 19 अप्रैल को तथा झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को भी भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनने की प्रबल आशंका है। वहीं, 18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में, 19 से 21 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश में, 18, 19 और 21 अप्रैल को असम और मेघालय में तथा 18 और 19 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बिजली चमकने और गरज के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। सम्राट चौधरी बने बिहार के मुख्यमंत्री. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
