Congress Expansion Campaign: भारतीय जनता पार्टी (BJP), आम आदमी पार्टी (AAP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत लगभग 50 लोगों ने गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
शिमला ग्रामीण की जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) ने संगठन विस्तार अभियान चलाया। इसी अभियान के तहत भाजपा, आप और बसपा के 50 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। यह अभियान शिमला ग्रामीण डीसीसी के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल के नेतृत्व में चलाया गया।
कांग्रेस में कौन-कौन हुआ शामिल
कांग्रेस में शामिल होने वालों में रोहड़ू से रिटायर एचआरटीसी जनरल मैनेजर केसी चौहान, शिमला ग्रामीण से पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी और करिश्मा शर्मा के साथ-साथ अलग-अलग राजनीतिक दलों के कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, पार्टी प्रदेश संगठन महासचिव विनोद जिंटा, पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर और अन्य नेता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने तमाम नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि इससे संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत हुआ है। भाजपा, आम आदमी पार्टी और बसपा के 50 नेता और कार्यकर्ता ऐसे मौके पर कांग्रेस में शामिल हुए जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह ने 9 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा सौंपा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों का किया ऐलान, सुखेंदु शेखर-सुष्मिता देव और प्रकाश चिक पर लगाया दांव
अशोक सिंह ने क्यों दिया इस्तीफा
अशोक सिंह ने अपना इस्तीफा सीधे मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा। दरअसल, अशोक सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे, जिससे आहत होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उत्तर प्रदेश के इटावा से आने वाले अशोक सिंह कुछ वक्त पहले भाजपा के मंच पर नजर आए थे। जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस में उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे।
