Gurugram News: गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर न्यू पालम विहार स्थित श्री राम चौक के पास देर रात करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगा रहे श्रमिकों को दिल्ली की ओर से आई एक तेज रफ्तार बीट कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
ग्रिल लगा रहे मजदूरों पर चढ़ी कार
सुरक्षा इंतजामों में भारी चूक
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों और साथी श्रमिकों के अनुसार। व्यस्त और तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे पर काम करने के दौरान सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। रात के अंधेरे में वाहनों को सचेत करने के लिए न तो कोई रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाया गया था और न ही मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी। सुरक्षा के नाम पर केवल दो-तीन लाल रंग के प्लास्टिक सेफ्टी कोन रखे गए थे, जो रात के समय दूर से आ रहे वाहनों को सचेत करने के लिए बेहद नाकाफी थे। श्रमिक पूरी तरह खुली सड़क पर काम करने को मजबूर थे। अंधेरा होने और कोई चेतावनी बोर्ड न होने के कारण कार चालक को सड़क पर काम कर रहे मजदूर समय रहते दिखाई नहीं दिए, जिससे यह हादसा हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज भी 'बस संकट', DTC बस हड़ताल का तीसरा दिन; DMRC चलाएगा मेट्रो के अतिरिक्त फेरे
पुलिस जांच शुरू, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बजघेड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों मृतक श्रमिकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही जिसकी भी सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
