हनुमानगढ़ : हनुमानगढ़ में किसानों का महापड़ाव एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण के विरोध में हुआ था, जो हिंसक हो गया, जिसमें किसानों ने फैक्ट्री की बाउंड्री तोड़कर तोड़फोड़ और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस से झड़प हुई और कई लोग घायल हुए, जिसके बाद इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया। अब 17 दिसंबर को फिर से महापंचायत बुलाई गई है। लिहाजा वन एंव पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने एथेनॉल फ़ैक्ट्री के संबंध में प्राप्त आपत्तियों का ध्यान रखते हुए इस फैक्ट्री से होने वाले संभावित भू जल एवं प्रदूषण के परीक्षण के संबंध में निम्नानुसार 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
क्या है मामला
हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में राठीखेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड की एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। हिंसक झड़पों के बाद तनाव कम नहीं हुआ और किसान संघर्ष समिति ने प्रशासन को कंपनी से किए गए MoU को रद्द करने का अल्टीमेटम दिया था। हालांकि अब तक मांग नहीं मानी गई है, लिहाजा 17 दिसंबर को हनुमानगढ़ जंक्शन की धान मंडी में बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें पंजाब और हरियाणा के किसान संगठन भी शामिल होंगे। इस महापंचायत को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पंचायत स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा की गई है।
समिति में संभागीय आयुक्त बीकानेर की अध्यक्षता में विशिष्ट शासन सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग (सदस्य सचिव),जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ (सदस्य) अरविंद अग्रवाल वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता प्रदूषण नियंत्रण मंडल (सदस्य )सूरजभान मुख्य अभियंता भूजल विभाग (सदस्य ) शामिल किए गए हैं।
उक्त समिति अपनी रिपोर्ट अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ,राजस्थान सरकार को प्रस्तुत करेंगी। उक्त समिति का कार्यकाल समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तक रहेगा।
