शहर

Gwalior: ऑमलेट के टुकड़े से सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस; AI और डिजिटल पेमेंट ने खोली हत्या की गुत्थी

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सामने आए एक अंधे हत्याकांड को पुलिस ने तकनीक और सूझबूझ के दम पर सुलझा लिया है। जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश से जुड़े इस सनसनीखेज मामले में ऑमलेट के एक छोटे से टुकड़े, CCTV फुटेज, डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से न सिर्फ मृतका की पहचान हुई, बल्कि हत्या के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

Image

ग्वालियर में ऑमलेट के टुकड़े ने खोला हत्या का राज (सांकेतिक चित्र)

MP News: मध्य प्रदेश पुलिस ने तकनीक और सूझबूझ के सहारे एक बेहद जटिल ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में सफलता हासिल की है। ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के जंगल में मिली एक महिला की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने ऑमलेट के एक छोटे से टुकड़े, डिजिटल पेमेंट के रिकॉर्ड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

जंगल में मिला था अज्ञात महिला का शव

29 दिसंबर को गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के जंगल में एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला का चेहरा भारी पत्थर से कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। शुरुआती जांच में मामला बेहद क्रूर हत्या का प्रतीत हुआ और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना थी।

ऑमलेट के टुकड़े से मिली अहम कड़ी

जांच के दौरान जब शव का परीक्षण किया गया तो घटनास्थल से ऑमलेट का एक टुकड़ा मिला। इसी छोटे से सुराग के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर के दायरे में मौजूद खाने-पीने के ठेलों और दुकानों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान जानकारी मिली कि एक महिला ने दो पुरुषों के साथ ऑमलेट खाया था। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक महिला के साथ दिखाई दिए। जांच में यह भी सामने आया कि ऑमलेट का भुगतान ऑनलाइन किया गया था। डिजिटल पेमेंट के रिकॉर्ड ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में बड़ी मदद की। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी सचिन सेन को गिरफ्तार कर लिया।

AI से बनी स्केच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए AI टूल्स की मदद से उसका स्केच तैयार किया गया और तिकमगढ़ पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद महिला की पहचान तिकमगढ़ की रहने वाली के रूप में हुई, जो कुछ समय से अपने पति से अलग ग्वालियर में रह रही थी।

शक में रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, मृतका करीब एक सप्ताह पहले आरोपी सचिन सेन के संपर्क में आई थी और उसके साथ रह रही थी। आरोपी को महिला के अन्य पुरुषों से संबंध होने का शक था। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी महिला को मुख्य सड़क के पास जंगल में ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटनास्थल से जैकेट समेत अन्य अहम सबूत जुटाए गए। CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल ट्रेल और AI तकनीक के संयुक्त इस्तेमाल से पुलिस ने न सिर्फ मृतका की पहचान की, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!