गुरुग्राम

Gurugram: गुरुग्राम में अब खत्म होगी पार्किंग की समस्या, 300 करोड़ में यहां बनेंगी दो मल्टीलेवल पार्किंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 13, 2023, 01:36 PM IST

Gurugram: एचएसवीपी गुरुग्राम के सेक्टर-29 में दो मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीपीपी मोड पर बनने वाले इन दोनों पार्किंग के लिए करार हो चुका है। इन्‍हें डेढ़ साल में तैयार करने का लक्ष्‍य रखा गया है। इनमें एक साथ तीन हजार वाहन पार्क हो सकेंगे। पार्किंग के अलावा इनमें कई अन्‍य सुविधाएं भी होंगी।

Image

गुरुग्राम में बनेंगे दो मल्टीलेवल पार्किंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • दोनों पार्किंग में एक साथ खड़े हो सकेंगे तीन हजार वाहन
  • दोनों पार्किंग के संचालन के लिए 33 साल के लिए करार
  • फरवरी माह से निर्माण शुरू, डेढ़ साल में होगा पूरा


Gurugram: गुरुग्राम शहर के सबसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में वाहन पार्किंग की समस्‍या खत्‍म करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सेक्टर-29 में पार्किंग बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। योजना के अनुसार, यहां पर एचएसवीपी की तरफ से चार-चार मंजिल की दो मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इन दोनों पार्किंग के निर्माण का ठेका एचएसवीपी ने अडानी ग्रुप की कंपनी को दी है। एचएसवीपी अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों पार्किंग का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत किया जाएगा। इसके लिए भी एक कंपनी से करार हो चुका है। इन पार्किंग की निर्माण फरवरी माह से शुरू होगा और डेढ़ साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनके तैयार होने के बाद शहर के अंदर पार्किंग की समस्‍या खत्‍म होगी।

एचएसवीपी अधिकारियों ने बताया कि, सेक्टर-29 में बन रहे इन दोनों मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनके इमारत की डिजाइन ठेका लेने वाली कंपनी ने तैयार कर लिया है। इन दोनों पार्किंग में एक साथ तीन हजार गाड़ियों को पार्क किया जा सकेगा। इनमें से एक पार्किंग इफ्को चौक के पास 2.20 एकड़ क्षेत्र में बनेगी। इस पार्किंग में डबल बेसमेंट और ऊपर चार मंजिल होगी। इसमें एक साथ 1600 गाड़ियों को पार्क किया जा सकेगा। वहीं, दूसरी पार्किंग का निर्माण केओडी के पास 2.89 एकड़ जमीन पर किया जाएगा। यहां पर एक साथ 1450 वाहन पार्क हो सकेंगे।

70 प्रतिशत क्षेत्र में ऑटोमैटिक कार पार्किंग

एचएसवीपी अधिकारियों के अनुसार, इन पार्किंग के संचालन को लेकर एक कंपनी के साथ 33 साल का करार हो चुका है। इस पार्किंग के 70 प्रतिशत क्षेत्र में ऑटोमैटिक कार पार्किंग बनाई जाएगी। जबकि 30 प्रतिशत क्षेत्र में दुकानें, फूड कोर्ट, मल्‍टीप्‍लैक्‍स और बैंक्वेट हॉल जैसी कई प्रकार की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्किंग में दो लिफ्ट और दो सीढ़ियां होंगी। अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों मल्टीलेवल पार्किंग को लीज पर देने के बाद एचएसवीपी हर साल ढाई-ढाई करोड़ रुपये सालाना किराया वसूलेगी। इस पार्किंग के रखरखाव की सभी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। अगर संबंधित कंपनी समय पर किराया नहीं चुकाएगी तो लीज को रद्द करने की शर्त भी रखी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article