Haryana Weather Update : हरियाणा के मौसम में बदलाव लगातार जारी है। इसमें पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर मंगलवार को हल्की बारिश हुई तो वहीं, बुधवार को भी मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैं। उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है तो इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम और दक्षिण पश्चिम हरियाणा के भी कई भागों में बारिश की संभावना है। बताया गया है कि, इन भागों में सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और 8 से 10 जून तक मौसम सामान्य रहने की उम्मीद जताई है। इसके अलावा ये भी कहा है कि, 11 जून से उत्तर हरियाणा के सभी जिलों में बारिश हो सकती है।
इस जिले में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे के आंकड़ों मद्देनजर बताया है कि, हरियाणा के हिसार का बालसमंद क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं, जींद के पेंडू पिंडरा में ये 39.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अगर कुछ अन्य जिलों की बात करें तो गुरुग्राम में अधिकतम तापामन 38.7, सिरसा में 39.9, महेंद्रगढ़ में 39.8 और रेवाड़ी में 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आठ जून से बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग ने कहा है कि, एक चक्रवाती तूफान इन दिनों हरियाणा के ऊपरी क्षेत्र में बन रहा है। इसे यहां पर दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी गर्म हवा और अरब सागर की हवा जिसमें कि नमी है, दोनों के मिलने के बाद हरियाणा में गर्मी और उमस बढ़ेगी। उस उमस के मौसम में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बताया गया है कि, अधिकतम तापमान 40.0 से 42.0 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।
