Gurugram: गुरुग्राम के लोगों का रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट का इंतजार खत्म हो गया है। इस रेलवे स्टेशन को अब 215 करोड़ की लागत से मॉर्डन बनाया जाएगा। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने स्टेशन को अपग्रेड करने के लिए आरएफपी (रीक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) आमंत्रित किया है। रेलवे ने स्टेशन डेवलपमेंट के इस प्रोजेक्ट को लाइट-हाउस प्रोजेक्ट नाम दिया है। इस स्टेशन को कई नई तकनीकी के साथ अपग्रेड किया जाएगा। स्टेशन डेवलपमेंट का कार्य प्री-इंजीनियर्ड और प्री-फैब तकनीकी से किया जाएगा। इससे जहां परियोजना को पूरा करने में कम समय लगेगा, वहीं निर्माण के दौरान स्टेशन पर यात्रियों को भी परेशानी नहीं होगी। ई-निविदा आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 फरवरी है।
आरएलडीए के वाइस चेयरमैन वेद प्रकाश डुडेजा ने बताया कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को अपग्रेट करने का प्रोसेस शुरू हो गया है। इस स्टेशन पर व्यवसायिक और रिटेल विकास के साथ यात्रियों के सुविधाओं में विकास किया जाएगा। स्टेशन का डिजाइन ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा के तहत तैयार किया गया है। अपग्रेड किए गए स्टेशन में यात्रियों के लिए अत्याधुनिक लॉबी, फूड कोर्ट, पेड लाउंज, रेलवे अधिकारियों के लिए ऑफिस और रिटेल के लिए अगल से जगह बनाई जाएगी। इसके अलावा सभी प्लेटफार्म पर अधिक क्षमता वाले अतिरिक्त लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे।
अभी लोकल स्टेशनों में है गुरुग्राम स्टेशन की गनती
बता दें कि, राजधानी दिल्ली से सटा होने और साइबर सिटी होने के बाद भी गुरुग्राम का रेलवे स्टेशन डेवलप नहीं है। इस रेलवे स्टेशन की गिनती लोकल स्टेशनों में की जाती है। स्टेशन पर अभी यात्रियों के लिए शौचालय, बैठने के लिए वेटिंग रूम जैसे मूलभूत सुविधाओं की कमी है। इस स्टेशन पर सिर्फ तीन ही प्लेटफार्म है। जिसकी वजह से यहां पर ट्रेनों का ठहराव भी कम है। मजबूरन लोग ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली की तरफ रूख करते हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्टेशन का एक साल में अपग्रेट करने का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां पर रूकने वाली ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। यहां के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मार्च माह से स्टेशन को अपग्रेट करने का कार्य शुरू हो जाएगा।
