Gurugram: गुरुग्राम में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब गुरुगमन प्लस बसें शहर के कई अन्य रूट पर भी दौड़ती नजर आएंगी। जीएमसीबीएल ने इन बसों को दूसरे रूट्स पर चलाने के लिए रूट्स की सूची तैयार कर ली है। इन बसों को उन सभी रूट पर चलाया जाएगा, जहां पर यात्रियों की भीड़ अधिक होती है। बता दें कि, बीते साल सितंबर माह में जीएमसीबीएल ने उबर के साथ मिलकर शहर में गुरुगमन प्लस बस सेवा शुरू की थी। अभी यह बसें कुछ चुनिंदा रूट्स पर ही चल रही थी, लेकिन अब इन्हें शहर के कई अन्य प्रमुख रूट्स पर चलाया जाएगा। जीएमसीबीएल के बेड़े में इस समय 200 बसें हैं, इनमें रोजाना करीब 90 हजार यात्री सफर करते हैं।
जीएमसीबीएल के अधिकारियों के अनुसार, गुरुगमन प्लस की चार बसें अभी सिर्फ दो रूट पर चल रही हैं। इस रूट पर गुरुगाम प्लस के बस स्टॉप कम होने और ऑफिस टाइम के अनुसार, इन बसों की समय सारिणी नहीं होने से इसमें यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। जिसकी वजह गुरुगमन प्लस की बसें राजस्व भी नहीं जुटा पा रही हैं। इसलिए अब प्लान में बदलाव कर इन्हें शहर के कई दूसरे रूट्स पर भी चलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अभी इन बसों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत चलाया गया था। सिर्फ दो रूट होने के बाद ये बसें ज्यादातर समय बस डिपो के अंदर खड़ी रहती थी। जिससे नुकसान होता था। इसकी भरपाई के लिए अब इन बसों को कईं दूसरे रूट पर भी दौड़ाया जाएगा।
यह है गुरुगमन प्लस बस सेवा
बता दें कि, गुरुगमन प्लस में यात्री टैक्सी और कैब की तरह ऑनलाइन सीट बुक कराकर ही सफर कर सकते हैं। इसमें डायरेक्ट नहीं बैठा जा सकता। यात्री पहले उबर के जरिए सीट बुक कराते हैं और फिर इसमें सवार होते हैं। इन बसों को अभी सुबह और शाम ही चलाया जाता था। बाकि समय ये डिपो में खड़ी रहती थी। लेकिन अब इन बसों को पूरे दिन सड़कों पर चलाया जाएगा। जीएमसीबीएल अधिकारियों के अनुसार, इन बसों को पूरे दिन चलाने के लिए रूट प्लान तैयार कर लिया गया है। ये बसें अब हुडा सिटी सेंटर, राजीव चौक, सिविल हॉस्पिटल, राजेंद्र पार्क, इफ्को मेट्रो स्टेशन और रेलवे स्टेशन रूट पर चलाया जाएगा। इससे इन रूट पर चलने वाले यात्रियों को भी इस बस का फायदा मिल सके।
