Gurugram: गुरुग्राम के एक नामी उद्यमी से कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का बड़ा मामला सामने है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार उद्यमी सेक्टर-14 के रहने वाले हैं। उद्यमी को रंगदारी मांगने की जानकारी घर के परिसर में मिली एक पर्ची से मिली। यह पर्ची सुबह अखबार के नजदीक पड़ी मिली। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि, इसे अखबार के साथ ही घर में फेंका गया। इस पर्ची में धमकी देते हुए लिखा है कि, वह गैंगस्टर नीरज बवाना गैंग का सदस्य है। तुम्हें एक करोड़ रुपये की रंगदारी देनी होगी। अगर पैसे देने से इंकार किया तो नहीं तो उसे और उसके पूरे परिवार को गोली मार दी जाएगी।
पर्ची मिलने के बाद उद्यमी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने उद्यमी के घर और परिवार को सुरक्षा देने के साथ घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि, एक सीसीटीवी फुटेज में पर्ची डालने वाला व्यक्ति दिखा है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
