Hill Station Near Gurugram: शहरों की भागदौड़ भरी जिंदगी और ऑफिस वर्क लोड के कारण अपने लिए थोड़ा सा वक्त निकाल पाना इन दिनों एक बड़ा टास्क हो गया है। अगर वीकेंड पर घूमने का वक्त निकाल भी लें तो सबसे बड़ी मुश्किल घूमने के लिए सही जगह के चुनाव में होती है। हिमाचल और उत्तराखंड के ज्यादातर हिल स्टेशन इतनी दूर हैं कि उन जगहों पर आने-जाने में ही सारा वक्त निकल जाता है। साथ ही वीकेंड पर इन जगहों पर पर्यटकों की भारी भीड़ भी उमड़ती है, जिससे पहाड़ों और प्रकृति की शांति नहीं मिल पाती है। आज हम आपको कुछ ऐसे हिल स्टेशनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पर आप वीकेंड पर आसानी से घूम सकते हैं। ये हिल स्टेशन गुरुग्राम से कुछ ही घंटे की दूरी पर स्थित हैं, ऐसे में इन जगहों पर आने-जाने में भी ज्यादा समय नहीं लगेगा।
पंगोट
उत्तराखंड का पंगोट हिल स्टेशन काफी खूबसूरत है। यहां पर आपको शांति के साथ प्रकृति का अलग नजारा देखने को मिलेगा। यह जगह गुरुग्राम से करीब 300 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां पर आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ एक अच्छा वीकेंड मना सकते हैं। यहां आपको कई तरह के जंगली जीव-जंतु भी देखने को मिल जाएंगे।
कनाताल
उत्तराखंड का कनाताल भी वीकेंड ट्रिप के लिए एक शानदार जगह है। यहां पर आप प्रकृति के खूबसूरत नजारों और नदियों का लुत्फ उठा सकते हैं। यह जगह गुरुग्राम से मात्र 340 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां पर आप कुछ ही घंटे की ड्राइव कर पहुंच सकते हैं। यहां पर आपको भीड़ भी कम मिलेगी। और महसूस करेंगे कि आप प्रकृति की गोद में बैठे हैं।नौकुचियाताल
नौकुचियाताल नैनीताल के पास ही में स्थित है। वहीं, गुरुग्राम से इस हिल स्टेशन की दूरी 350 किमी के करीब है। यह छोटा सा हिल स्टेशन अपनी नौ कोनों वाली झील के लिए प्रसिद्ध है। यह झील हरे-भरे जंगलों, सीढ़ीदार खेतों और विशाल पहाड़ों से घिरी हुई है। यहां पर आप बोटिंग का भी मजा उठा सकते हैं। यह जगह ट्रैकिंग के लिए लोगों को बहुत पसंद आती है।लैंसडाउन
यह हिल स्टेशन ओक और देवदार के जंगलों के बीच बसा है। यहां पर बने औपनिवेशिक युग के घर और ताजी हवा आपको अलग दुनिया का एहसास कराएगी। यहां आप सनराइज और सन सेट के मनोरम दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। यहां का कालागढ़ वन्यजीव अभयारण्य भी देखने लायक खूबसूरत जगहों में आता है। यह हिल स्टेशन गुरुग्राम से 270 किमी दूर स्थित है।
