शहर

Greater Noida West News: सिर्फ पानी नहीं, इन समस्याओं से भी जूझ रहे अजनारा होम्स के निवासी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी पिछले कुछ दिनों से गंदे पानी और कुछ टावरों में पानी नहीं आने के कारण सुर्खियों में है। लेकिन यहां समस्या सिर्फ पानी नहीं, निवासियों के अनुसार दिक्कतें बहुत ज्यादा हैं।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में सिर्फ पानी नहीं, कई दिक्कतें हैं

Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन एक समय हजारों लोगों के सपनों का शहर था। सरकार की तरफ से यहां के लिए योजनाएं बनाई गई थीं। तमाम बिल्डरों को यहां पर हाउसिंग सोसाइटी बसाने की जिम्मेदारी दी गई। लोगों ने अपनी जिंदगीभर की कमाई लगाकर यहां पर घर (फ्लैट) खरीदा। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से नोएडा एक्सटेंशन के लोग लगातार अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरते रहे हैं। वह बार-बार मीडिया से लेकर प्रशासन तक दौड़ लगाते हैं, लेकिन समाधान कुछ नहीं निकलता। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी का है। जहां पर पिछले कुछ दिनों से लगातार पानी की सप्लाई को लेकर निवासी परेशान हैं।

नोएडा एक्सटेंशन में समस्याएं इतनी हैं कि यहां के लोग इस क्षेत्र को 'नोएडा-एक-टेंशन' कहकर पुकारने लगे हैं। अजनारा होम्स (Ajnara Homes) सोसाइटी में रविवार को पानी की सप्लाई बाधित होने से हजारों लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोसाइटी में कहीं पानी नहीं आया, तो कहीं इतना गंदा पानी आया कि सोसाइटी के बाहर बह रह नाला भी शरमा जाए। रविवार के दिन पानी नहीं आने से सोसाइटी के लोग काफी परेशान रहे। यह परेशानी सोमवार और आज मंगलवार तक भी बनी हुई है। बल्कि सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि यहां पानी कभी भी कट जाता है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

गंदे पानी से बीमार पड़ रहे लोग

सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि पानी नहीं आने पर मेंटेनेंस प्रभारी से शिकायत की। इस दौरान जितनी बार उनसे जवाब मांगा गया, उतनी बार अलग-अलग कारण बताकर समस्या को टाला गया। गंदे पानी के चलते सोसाइटी में 200 से ज्यादा लोग बीमार भी पड़ गए। इसके बावजूद मेटेंनेंस टीम की लापरवाही खत्म होने का नाम नहीं ले रही। अजनारा होम्स सोसाइटी में कई तरह की समस्याएं हैं, जिन पर TimesnowNavbharat.com ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों से बात की।

Ajnara homes Water crisis

सोसाइटी में रविवार को गंदे पानी से परेशान रहे लोग

अजनारा होम्स में समस्याओं का अंबार लगा है

सोसाइटी में रहने वालीं, मोनिका बिष्ट ने बताया कि पानी की किल्लत तो यहां है ही, जिसके बारे में हर तरफ चर्चा हो रही है। इसके अलावा यहां साफ-सफाई की स्थिति भी दयनीय है। उन्होंने एक सांस में डीजी बैकअप न मिलना, आवारा कुत्तों की समस्या, ओवर हेड टंकियों की सफाई न होना और बिल्डिंग का सही तरीके से रखरखाव न होना जैसी समस्याएं गिना दीं। यह ऐसी समस्याएं हैं, जिन पर निवासी अक्सर मेनटेनेंस से प्रश्न करते हैं, लेकिन उनके प्रश्नों का न तो उत्तर मिलता है और न ही समाधान।

आग लग जाए तो भगवान बचाए

जी हां, बिल्डर के इंतजामों को देखकर तो यही लगता है कि बिल्डर ने यहां के निवासियों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। अजनारा होम्स के बी टावर की चौथी मंजिल पर फायर फाइटिंग इक्विपमेंट लगा है, लेकिन उसके लिए पानी की पाइप ही गायब है। कहीं पर बिना नोजल के पाइप को ऐसे ही छोड़ दिया है। ऐसे में अगर आग लग जाए तो यहां लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाएगा।

Ajnara homes fire fighting hauz

आग लगने पर बचाव भी नहीं हो पाएगा

घर से कूड़ा तक नहीं उठाया जा रहा

मोनिका का कहना है कि बिल्डिंग से लगातार सीमेंट और प्लास्टर गिरता रहता है, जो लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि यहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि गर्मी के इन दिनों में कूड़े से बहुत जल्द बदबू आने लगती है और उनके घरों से कूड़ा ही नहीं उठाया जा रहा है, जिससे उनकी समस्याएं कई गुना बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि जब निवासी अपनी समस्याएं मीडिया और पुलिस के सामने रखते हैं तो बिल्डर की तरफ से निवासियों पर ही उल्टा केस कर दिया जाता है। उन्हें मानसिक तौर पर परेशान किया जाता है।

पहले भी पानी के टैक में बैक्टीरिया मिल चुका है

मोनिका ने बताया कि पहले भी सोसाइटी में पानी को लेकर दिक्कत हुई थी। उस समय जब निवासियों ने ओवर हेड टैंक की जांच कराई गई तो टैंक्स में बैक्टीरिया पाया गया था। उन्होंने बताया कि उस समय टंकियों पर ढक्कन तक नहीं लगे हुए थे। उन्होंने एक के बाद एक कई उदाहरण देकर बताया कि कैसे आम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article