ग्रेटर नोएडा

Jewar Airport: जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने की आ गई तारीख, इन सुविधाओं से लैस रहेगा नोएडा का हवाई अड्डा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे जेवर एयरपोर्ट के नाम से भी जाना जाता है, अगले महीने उद्घाटन के लिए तैयार है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने इसकी घोषणा की, साथ ही बताया कि उद्घाटन के 45 दिनों के भीतर उड़ान संचालन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में एयरपोर्ट से बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता समेत 10 शहरों को जोड़ा जाएगा।अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत AI आधारित कैमरे, इलेक्ट्रिक फेंसिंग और फुल बॉडी स्कैनर लगाए गए हैं। BCAS ने सुरक्षा मंजूरी भी दे दी है।

Image

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट (सांकेतिक तस्वीर)

Jewar Airport Inauguration Date: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे जेवर एयरपोर्ट के नाम से जाना जाता है, आखिरकार अपने उद्घाटन की तारीख पा चुका है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने बुधवार को हिंडन एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में घोषणा की कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद 45 दिनों के भीतर उड़ान संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

पहले चरण में दस शहरों से कनेक्टिविटी

मंत्री नायडू ने बताया कि पहले चरण में जेवर एयरपोर्ट से बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता समेत 10 बड़े शहरों को जोड़ा जाएगा। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइनों से बातचीत पूरी हो चुकी है। एयरलाइंस इस क्षेत्र में उड़ान संचालन को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इसे व्यावसायिक और मालवाहक दोनों ही स्तर पर बड़ी संभावना के रूप में देख रही हैं।

सालाना 50 लाख यात्रियों की होगी क्षमता

पहले चरण में 1334 हेक्टेयर जमीन पर बन रहे इस एयरपोर्ट का निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत कर रही है। दूसरे चरण में 1365 हेक्टेयर जमीन पर काम शुरू होगा। पहले चरण में एक रनवे के साथ संचालन शुरू होगा और सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों की क्षमता होगी।

अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा को क्राइम प्रिवेंशन थ्रू एनवायरनमेंटल डिजाइन (CPTED) सिद्धांतों के आधार पर तैयार किया गया है। एयरपोर्ट परिसर में 350 से अधिक AI आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो रियल-टाइम ट्रैकिंग के साथ खतरों की पहचान कर अलर्ट भेज सकते हैं। इलेक्ट्रिक फेंसिंग और सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) भी तैयार है। बोर्डिंग से पहले यात्रियों की जांच के लिए मेटल डिटेक्टर और फुल बॉडी स्कैनर लगाए जाएंगे। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने 15 सितंबर को एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच रिपोर्ट के आधार पर NOC भी जारी कर दिया है।

निर्माण कार्य की प्रगति

  • टर्मिनल बिल्डिंग: छत का काम पूरा हो चुका है, बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और चेक-इन काउंटरों पर टेस्टिंग चल रही है।
  • एटीसी टावर: मुख्य ढांचा तैयार है और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया आवश्यक सिस्टम इंस्टॉल कर रही है।
  • रनवे: 3900 मीटर लंबा रनवे तैयार है, जिस पर दिसंबर 2024 में इंडिगो का विमान सफल लैंडिंग कर चुका है।

यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं

मंत्री नायडू ने यह भी घोषणा की कि अगले दो महीनों में देश के सभी हवाई अड्डों पर यात्रियों को नि:शुल्क वाई-फाई उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए पुस्तकालय, बच्चों के लिए प्ले जोन और अन्य आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।

हिंडन एयरपोर्ट का भी होगा विस्तार

उड्डयन मंत्री ने कहा कि हिंडन एयरपोर्ट को भी विस्तारित किया जाएगा। फिलहाल यहां से 16 शहरों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। टर्मिनल बिल्डिंग के विस्तार के लिए राज्य सरकार से नौ एकड़ जमीन मांगी गई है।

जल्द शुरू होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

जेवर एयरपोर्ट दिल्ली से लगभग 75 किलोमीटर दूर गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में स्थित है। यह एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा, जो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम करेगा। पहले चरण की सफलता के बाद यहां से न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी शुरुआत होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article