Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने तीन विदेशी साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से असली तीन हजार अमेरिकी डॉलर, 13 लाख की कीमत के नकली अमेरिकी डॉलर और 10 हजार 500 पाउंड बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही आरोपियों के पास से फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के नकली पासपोर्ट, छह मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, लैपटॉप, प्रिंटर, पेन ड्राइव और 3 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ये शातिर अपराधी अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करते थे।
बता दें कि ये आरोपी फेसबुक फ्रेंड बनकर और कस्टम अधिकारी बनकर ठगी के साथ कई तरह के साइबर क्राइम को अंजाम देते थे। आरोपियों ने थाना बीटा-2 के रहने वाले रिटायर्ड कर्नल को निशाना बनाया था। कर्नल ने शिकायत में बताया था कि कैंसर की दवा मंगाने के नाम पर उनके साथ 1 करोड़ 81 लाख रुपए की ठगी की घटना हुई थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की और आरोपियों को धर दबोचा।
कई तरह से देते थे साइबर ठगी को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के पकड़ में आए आरोपियों की पहचान इके उफेरेमवुकवे, एडविन कॉलिन्स और ओकोलिओ डैमिओन के रूप में हुई है। ये तीनों नाइजीरिया के निवासी हैं। पुलिस ने इनको ग्रेटर नोएडा के रामपुर बाजार के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी बड़े-बड़े सेलिब्रिटी का फर्जी पासपोर्ट बनाने का काम किया करते थे। ये शातिर अपराधी देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर अपराध को अंजाम देने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार ये अपराधी कई तरह की वारदातों जैसे मेट्रोमोनियल साइट, डेटिंग एप के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाया करते थे।साइबर ठग देते थे लोगों को लालच
जानकारी के लिए बता दें कि तीनों साइबर ठग लॉटरी फ्रॉड, फेसबुक फ्रेंड बनकर फ्रॉड, विदेश से पार्सल भेजने के नाम पर कस्टम अधिकारी बनकर ठगी और साइबर अपराध को शातिराना अंदाज से अंजाम देते थे। नामचीन विदेशी फार्मा कंपनी के एजेंट बनकर लोगों को जड़ी-बूटी सस्ती दामों में खरीदकर महंगे दामों में बेचने का लालच देकर भी ठगी करते थे। पुलिस इनके बारे में और जानकारी जुटा रही है।
