ग्रेटर नोएडा

बेवफाई, कैंसर, आर्थिक शोषण बनी छात्रा की हत्या की वजह! ग्रेनो मर्डर केस में चौंकाने वाली बातें आईं सामने

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated May 19, 2023, 11:23 AM IST

Greater Noida murder case: मृत लड़की की पहचान कानपुर की रहने वाली स्नेहा चौरसिया की हुई है। जबकि छात्र अमरोह का रहने वाला है। दोनों बीए अंतिम वर्ष के छात्र थे। विवि में दोनों समाजशास्त्र की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों की उम्र 21 साल थी।

Image

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को हुई घटना।

Photo : BCCL

Greater Noida murder case: ग्रेटर नोएडा के एक नामी विश्वविद्यालय में छात्रा की हत्या मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक प्यार में मिली बेवफाई के चलते छात्र ने छात्रा को गोली मारकर हत्या की। छात्र ने हत्या के बाद करीब 25 मिनट का वीडियो बनाया। वीडियो रिलीज करने के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। रिपोर्टों में यह बात भी सामने आई है कि सुसाइड करने वाला छात्र कैंसर का मरीज था और उसके पास ज्यादा समय नहीं था। वह कैंसर की लास्ट स्टेज पर था। इस वीडियो में छात्र ने छात्रा पर अपना मानसिक एवं आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है।

एक-दूसरे के गले लगे, फिर छात्र ने मारी गोली

मीडिया में सामने आए वीडियो में यूनिवर्सिटी के डाइनिंग हाल के बाहर अनुज और स्नेहा को बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। फिर दोनों एक-दूसरे के गले लगते हैं। फिर स्नेहा को गोली मारने के बाद अनुज अपने छात्रावास के कमरे में चला जाता है। इसके बाद वह खुद को भी गोली मार लेता है। गोली लगने के बाद स्नेहा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थोड़े समय पहले रिलेशनशिप से अलग हुए थे दोनों

इस घटना के बारे में ग्रेटर नोएडा के डिप्टी पुलिस कमिश्नर साद मिया खान ने कहा, 'यूनिवर्सिटी के छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाली महिला मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद छात्रा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।' शुरुआती जांच के बाद पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और थोड़े समय पहले दोनों अलग हो गए थे।

लड़की कानपुर, लड़का अमरोह का रहने वाला

मृत लड़की की पहचान कानपुर की रहने वाली स्नेहा चौरसिया की हुई है। जबकि छात्र अमरोह का रहने वाला है। दोनों बीए अंतिम वर्ष के छात्र थे। विवि में दोनों समाजशास्त्र की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों की उम्र 21 साल थी।

विवि में 17 मई से गर्मी की छुट्टी हो गई थी

पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल मिली है। छात्र अनुज की भी मौत मौके पर हो गई। एसीपी सार्थक सेंगर ने बताया कि 'शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों बीते डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे लेकिन गत दिसंबर से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। दोनों अक्सर लड़ाई-झगड़े होते थे। गुरुवार को डाइनिंग हाल के बाहर दोनों मिले। घटना के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हमने दोनों के परिवार वालों को सूचित कर दिया।' पुलिस का कहना है कि विश्वविद्यालय में 17 मई से गर्मी की छुट्टी हो गई थी लेकिन ये दोनों अपने छात्रावास में रुके हुए थे। छात्र द्वारा गोली मारने की घटना डाइनिंग हाल के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!