Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने उद्यान विभाग के साथ बैठक कर समीक्षा की। उन्होंने 26 जनवरी तक ग्रेटर नोएडा के सभी प्रमुख मार्गों को हरा-भरा व सुंदर बनाने का लक्ष्य उद्यान विभाग को दे दिया है। सीईओ ने प्रमुख मार्गों के किनारे बड़े आकार के डिजाइनर गमले लगवाने का निर्देश दिया है। उद्यान विभाग ने इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रमुख सड़कों पर थीम आधारित फ्लॉवर बेड भी विकसित किए जाएंगे।
बता दें कि शहर की सड़कों की खूबसूरती बढ़ाने का काम होगा। इसकी शुरुआत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से की जाएगी। ग्रीन बेल्ट को भी थीम पर विकसित करने का निर्देश है। सीईओ ने चेतावनी दी कि सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट के लिए छोड़ी गई कोई भी जगह खाली दिखनी नहीं चाहिए, नहीं तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
